-प्रधानमंत्री मातृत्व सुरक्षा दिवस पर गांव भुलावना में हुआ आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
होडल। प्रधानमंत्री मातृत्व सुरक्षा दिवस के उपलक्ष्य में शुक्रवार को राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित गांव भुलवाना में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में गर्भवती एवं अन्य महिला रोगियों के स्वास्थ्य की जांच के लिए शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में लगभग 125 से अधिक महिलाओं ने अपने स्वास्थ्य की जांच कराई। स्वास्थ्य केंद्र खुलने से पहले ही महिला रोगियों की लंबी लाइन लग गई।
सोमवार को गांव भुलवाना में स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में शिविर में फिजिशियन डा. पंकज ने गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य की जांच की। शिविर में सबसे ज्यादा ब्लड प्रेशर, मधुमेह, वायु विकार, बुखार व महिलाओं में खून की कमी के अलावा कमजोरी के कारण चक्कर आने जैसी सैकड़ों गर्भवती महिलाओं की जांच की गई। शिविर में डा. ने बताया कि गर्भवती महिलाओं को गुटका, पान, तम्बाकू व अन्य नशीले पदार्थों से दूरी बनानी चाहिए। तथा प्रोटीन युक्त भोजन करना चाहिए। जिससे पेट में पलने वाले शिशु पूरी तरह स्वस्थ रहता है। नशीले वस्तुओं का इस्तेमाल करने से गर्भ में पलने वाले शिशु के स्वास्थ्य पर बुरा असर पडता है।
उन्होंने बताया कि गर्भवती महिलाओं को समय समय पर अपने स्वास्थ्य की जांच अवश्य करानी चाहिए। पौष्टिक व प्रोटीन युक्त खाना चाहिए। डा. पंकज ने महिला रोगियों को बताया कि गर्मी के मौसम में नवजात शिशु की समय समय पर देखभाल बहुत जरूरी है। छोटे बच्चों का धूप से बचाव करें। मौसम बदलाव के कारण उन्हें घर से बाहर नहीं निकालें। उन्होंने समय-समय पर बच्चों के स्वास्थ्य की जांच के लिए डाक्टरों से संपर्क करने की सलाह दी।अस्पताल प्रबंधन की ओर से गर्भवती महिलाओं को जूस बिस्कुट, भुने हुए चने भी दिए जिससे महिलाओं में कमजोरी की समस्या दूर हो। शिविर के दौरान डा. पंकज गर्भवती महिलाओं को सलाह देते हुए कहा कि बदलते मौसम को देखते हुए महिला रोगियों को समय-समय पर स्वास्थ्य जांच करानी चाहिए।