मेट्रो स्टेशनों पर लिखे नाम, जल्द खत्म होगा काम
फरीदाबाद। बल्लभगढ़ तक विस्तारित मेट्रो लाइन पर बने दो स्टेशनों पर नाम लिख दिए गए हैं। गुडइयर चौक पर बने मेट्रो स्टेशन का नाम संत सूरदास (सीही) और बल्लभगढ़ मेट्रो स्टेशन का नाम राजा नाहर सिंह लिखा गया है। पहले इन स्टेशनों को एनसीबी कॉलोनी और बल्लभगढ़ मेट्रो स्टेशन नाम दिया गया था। स्थानीय लोगों के विरोध के बाद इन दोनों ही स्टेशनों के नाम बदल दिए गए। अब इन स्टेशनों पर ये बदले गए नाम लिख दिए गए हैं।
दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (डीएमआरसी) के एस्कॉर्ट्स मुजेसर से बल्लभगढ़ तक विस्तारित सेक्शन का 19 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुरुग्राम से वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये शुभारंभ करेंगे। इससे पहले मेट्रो के सुरक्षा आयुक्त एसके पाठक 16 नवंबर को इस सेक्शन पर बने दोनों स्टेशनों का निरीक्षण करेंगे।
बल्लभगढ़ मेट्रो का संचालन 19 नवंबर को होना है, लेकिन अभी काफी काम बचे हुए हैं। उन्हें पूरा करने के लिए डीएमआरसी जोरशोर से जुट गई है। स्टेशनों पर साफ-सफाई का काम तेजी से किया जा रहा है। इसके अलावा इंटरनेट कनेक्शन, टोकन वेंडिंग मशीनों, सिग्नल सिस्टम, लिफ्ट आदि की जांच चल रही है। बल्लभगढ़ सेक्शन पर बने संत सूरदास (सिही) मेट्रो स्टेशन और राजा नाहर सिंह मेट्रो स्टेशन पर नियुक्त किए गए कर्मचारियों को प्रशिक्षण देने का काम चल रहा है। डीएमआरसी अधिकारियों ने स्टेशनों पर काम करने वाले कर्मचारियों को पूरे सिस्टम के बारे में जानकारी दी। उन्हें स्टेशन के अंदर बने कंट्रोल रूम व अन्य जगहों का निरीक्षण कराया और सभी सिस्टमों के बारे में जानकारियां दी गई।