उपभोक्ताओं के अंगूठे लगवाकर डकारा राशन
पलवल। सरकार द्वारा राशन वितरण प्रणाली में भ्रष्टाचार रोकने के लिए आधार कार्ड से लिंक कर मशीन पर अंगूठा लगाकर राशन देने की योजना का भी डिपो होल्डरों ने तोड़ निकाल लिया है। कुलैना गांव के एक राशन डिपो चलाने वाले संचालक ने कुलैना ही नहीं हंसापुर व बलई सहित चार गांवों के लोगों से धोखे से मशीन पर अंगूठा लगवाकर राशन को उपभोक्ताओं को देने के बजाय बाजार में बेच दिया। इस बात की जानकारी होने पर लोगों ने उपायुक्त अशोक शर्मा से शिकायत की तो उपायुक्त ने मामले में संज्ञान लेते हुए जिला खाद्य आपूर्ति अधिकारी को मामले की जांच कर डिपो होल्डर के खिलाफ कार्रवाई करने के आदेश दिए हैं। उपायुक्त के आदेश के बाद जिला खाद्य आपूर्ति अधिकारी योगेंद्र सिंह ने कुलैना में जाकर लोगों से मामले की जानकारी ली तथा जांच करनी शुरू कर दी है। गांव निवासी हरीश शर्मा ने बताया कि गांव के डिपो होल्डर सुदेश की कुलैना के अलावा हंसापुर, बलई में भी आपूर्ति है। गत दिनों डिपो होल्डर गांव में आया तथा लोगों से कहा कि जिन्हें भी राशन मिलता है, उनका आधार कार्ड लिंक करना है, ताकि आगे उन्हें समय पर राशन मिल सके। इस बात का सहारा लेकर डिपो होल्डर ने चारों गांवों के उपभोक्ताओं से मशीन पर अंगूठा लगवा लिया तथा आधार कार्ड की फोटो कापी लेकर चला गया। आरोप है कि उसके बाद डिपो होल्डर गांव में नहीं आया और न ही किसी उपभोक्ता को राशन वितरित किया। उनका आरोप है कि डिपो होल्डर ने सरकार की तरफ से आने वाले राशन को प्राप्त तो कर लिया लेकिन उसे उपभोक्ताओं को बांटने के बजाय बाजार में बेच दिया है। लोगों को जब इस मामले की जानकारी हुई तो उन्होंने उपायुक्त से शिकायत की। उपायुक्त ने शिकायत की जांच करने के आदेश दिए।
आदेश के बाद जिला खाद्य आपूर्ति अधिकारी योगेंद्र सिंह ने गांव कुलैना में जाकर लोगों से पूरी जानकारी ली तथा लोगों के बयान दर्ज किए। उन्होंने लोगों को आश्वासन दिया कि वह इस मामले की जांच करने के बाद दोषी डिपो होल्डर के खिलाफ कार्रवाई करेंगे। जिला खाद्य आपूर्ति अधिकारी योगेंद्र सिंह का इस मामले में कहना है कि जांच की जा रही है। जांच के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल डिपो होल्डर की आपूर्ति रोक दी गई है।
-----------------