-5 क्यूआरटी बनाई गईं, मरम्मत व विकास, उद्यान के काम भी प्राथमिकता पर होंगे
-प्रमुख बाजार, सड़कों व उनके आस-पास की जगहों का किया चयन
माई सिटी रिपोर्टर,
नोएडा। शहर में बेहतर जन सुविधाओं और सफाई के लिए 12 जीरो टॉलरेंस क्षेत्र बनेंगे। इन क्षेत्र के लिए शहर की प्रमुख बाजार, सड़कों व उनके आस-पास की जगह का चयन किया गया है। यहां पर दिन में दो बार सफाई होगी और साथ में कूड़ा भी उठेगा। यहां पर सफाई के लिए 5 क्विक रेस्पांस टीम (क्यूआरटी) बनाई जाएंगी। सड़क, फुटपाथ मरम्मत, रंगरोगन व उद्यान के काम भी प्राथमिकता पर होंगे। साथ ही क्षेत्र का सौंदर्यीकरण, लाइटिंग भी अलग से करवाई जाएगी।
जीरो टॉलरेंस क्षेत्र के चयन के साथ क्यूरआरटी गठन के निर्देश सोमवार को नोएडा प्राधिकरण के सीईओ डॉ लोकेश एम ने बैठक कर सभी विभागों को दिए। इसके साथ ही जिम्मेदारी भी तय की। प्राधिकरण की तरफ से जीरो टॉलरेंस क्षेत्र के लिए जिन जगहों व सड़कों का चयन किया गया है वहां पर भीड़-भाड़ ज्यादा रहती है और शहर की प्रमुख जगहें हैं। प्राधिकरण के सीईओ ने भी इन जगहों को अलग-अलग निरीक्षण में देखा था। जन स्वास्थ्य विभाग को क्यूआरटी बनाने के निर्देश दिए गए हैं। एक क्यूआरटी में 1 सुपरवाइजर, 10 कर्मचारी व ट्रैक्टर-ट्रॉली समेत अन्य वाहन शामिल होंगे। इनका काम उगी घास को साफ करना, सिल्ट हटाना, सेंट्रल वर्ज की सफाई करना, मुख्य रोड व सर्विस रोड की सफाई, नालों में तैरने वाला कचरा अगर कहीं फंस रहा है तो उसे निकालने का होगा। उद्यान विभाग को सड़कों के किनारे घास हटाने, कटाई, सुंदर फूल-पौधे वाले गमले रखना, पेड़ों की छंटाई करनी होगी।
-
सेक्टर-125 के सामने लगेंगे 6 बड़े फव्वारे
सफाई के साथ सीईओ ने सौंदर्यीकरण को लेकर भी निर्देश जारी किए। नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेस-वे के सेंट्रल वर्ज पर 5 बड़े फव्वारे लगाने के निर्देश विद्युत यांत्रिक विभाग को दिए। सेक्टर-14 ए पास लगाई गई दो हिरण की आकृतियों की लाइटिंग शुरू कराने के लिए कहा। उद्यान विभाग को एक्सप्रेस-वे के दोनों तरफ पेड़ों की छटाई, घास की कटाई व रखरखाव से जुड़े काम मंगलवार से शुरू करने के निर्देश सीईओ ने दिए।