नूंह। जिले में बुधवार को कोरोना के 12 नए मामले सामने आए। वहीं 3 मरीज ठीक भी हुए। स्वास्थ्य विभाग द्वारा सभी को डिस्चार्ज कर दिया गया है। साथ ही उनको सामाजिक दूरी का पालना करने के निर्देश दिए गए हैं। नूंह में चार, खेड़ला में एक, मेवली कलां में एक, कुर्थला में एक, बिस्सर अकबरपुर में एक, उजीना में एक, लहरवाड़ी में एक, शाहपुर नंगली में एक और जौरासी में एक केस सामने आए हैं। मंगलवार को भी तीन नए मामले मिलने सेे स्वास्थ्य विभाग की चिंता लगातार बढ़ रही है।
विभाग द्वारा लोगों को लगातार जागरूक किया जा रहा है। सिविल सर्जन जेएस पुनिया ने बताया कि टीम लगातार जांच कर रही है। कोरोना मरीजों के संपर्क में आने वाले सभी लोगों की जांच की जा रही है। बता दें, कि जिले में कोरोना के 57 मरीज हैं। कुल 693 मामले सामने आ चुके हैं। इनमें से 623 मरीज ठीक हो चुके हैं। 13 लोगों की मौत हो चुकी है। कुल 24611 लोगों को सर्विलांस पर रखा जा चुका है, जिनमें से 17492 लोगों का निगरानी समय पूरा हो चुका है। 7119 लोगों की निगरानी जारी है। 23586 लोगों के सैंपल लैब में भेजे जा चुके हैं, जिनमें से 22540 की निगेटिव रिपोर्ट मिली है। 252 की रिपोर्ट आनी बाकी है। सिविल सर्जन जेएस पूनिया ने लोगों से अपील की कि वे घर से बाहर निकलने पर मास्क जरूर लगाए।