ग्रेटर नोएडा। ग्रेनो प्राधिकरण आईटी सिटी में 12 एमएलडी क्षमता का नया एसटीपी बनाएगा। करीब 42 करोड़ रुपये इस प्रोजेक्ट पर खर्च होंगे। इससे आईटी सिटी के साथ आसपास के इलाकों की सीवर की समस्या का समाधान मिलेगा। सीईओ एनजी रवि कुमार की मंजूरी के बाद निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया प्राधिकरण ने शुरू कर दी है। अगले 12 महीने में इस काम को पूरा किया जाना है।
अधिकारियों का कहना है कि एनजीटी के मानकों पर टर्शरी ट्रीटमेंट फेसिलिटी के साथ यह एसटीपी बनेगा। इससे शोधित पानी का उपयोग सिंचाई व अन्य काम में उपयोग हो सकेगा। उद्योगों को भी इस पानी को उपयोग के लिए दिया जा सकता है। अभी ग्रेटर नोएडा में चार एसटीपी हैं जिनकी कुल क्षमता 174 एमएलडी है। इनमें से बादलपुर में दो एमएलडी, कासना में 137 एमएलडी, ईकोटेक-2 में 15 एमएलडी और ईकोटेक-3 में 20 एमएलडी क्षमता के एसटीपी बने हुए हैं। ग्रेनाे वेस्ट में भी सेक्टर-1 में 45 एमएलडी का एक एसटीपी निर्माणाधीन है। एसीईओ प्रेरणा सिंह का कहना है कि आईटी सिटी में टेंडर हो रहा है। जल्दी ही निर्माण शुरू हो जाएगा। ब्यूरो