मुरादाबाद सहित अन्य के लिए
----------------
हेडिंग: राज्य जीएसटी ने पकड़ी 23 लाख रुपये की कर चोरी
नोएडा फेस-2 व सेक्टर-8 की कंपनी में छापेमारी के दौरान पकड़ी टैक्स चोरी
अमर उजाला ब्यूरो
नोएडा। राज्य जीएसटी की विशेष अनुसंधान शाखा (एसआईबी) ने सेक्टर-80 की एलईडी टीवी निर्माता कंपनी व सेक्टर-8 प्लाईवुड ट्रेडिंग कंपनी में 23 लाख रुपये की कर चोरी का खुलासा किया है। दोनों ही कंपनियां दस्तावेज में हेरफेर कर टैक्स चोरी कर रही थीं।
एसआईबी के अतिरिक्त आयुक्त धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि पिछले सप्ताह चेकिंग के दौरान मुरादाबाद में एलईडी टीवी से भरा ट्रक पकड़ा गया था। टीवी बनाने का काम नोएडा के सेक्टर 80 स्थित निटको टेक्नोलॉजी नाम की कंपनी में किया जा रहा था। कंपनी साधारण टीवी के बिल काट रही थी, जिस पर 18 फीसदी कर बनता है। जबकि एलईडी टीवी पर 28 फीसदी कर वसूला जाता है। संयुक्त आयुक्त एमपी सिंह के नेतृत्व में टीम का गठन कर कंपनी पर छापा मारा गया। इस दौरान 434 एलईडी टीवी स्टॉक में पाए गए, जिनकी कीमत 21,46,600 रुपये थी। इस पर 28 फीसदी का टैक्स 6,01,048 रुपये बनता है। 100 फीसदी जुर्माना लगाकर कंपनी से 12,02,096 रुपये जमा कराए गए। वहीं, एसआईबी के संयुक्त आयुक्त दिनेश कुमार दुबे के नेतृत्व में सेक्टर-8 स्थित शॉप इंटीरियो नाम की कंपनी पर छापेमारी की गई। इस दौरान करीब 30 लाख रुपये का प्लाईवुड अतिरिक्त मिला जिसका कोई भी लेखा जोखा मौजूद नहीं था। इस पर पर 5.40 लाख रुपये टैक्स बनता था। शत प्रतिशत जुर्माने के साथ 10.80 लाख रुपये कंपनी से जमा कराया गया है।