अमर उजाला संवाद
फोटो
सेक्टर-20 में हो रही चोरी, थाना बना शोपीस
दो साल में 15 मकानों में सेंध, चेन छीनने की बढ़ी वारदात, डर के साये में महिलाएं
अमर उजाला ब्यूरो
नोएडा। सेक्टर-20 में क्राइम का ग्राफ बढ़ता जा रहा है। पुलिस थाना होने के बाद भी बदमाश आसानी से चोरी व लूटपाट की वारदात को अंजाम दे रहे हैं। सेक्टर में 8 गेट हैं। 6 गेट रात 11 बजे बंद हो जाते हैं। जबकि 2 गेटों पर 5 गार्ड तैनात रहते हैं। बावजूद वारदात पर रोक नहीं लग रही है। लोग डर के साये में जी रहे हैं। महिलाएं पार्क में भी जाने से डरती हैं। सबसे ज्यादा डर चेन स्नैचिंग है। आरडब्ल्यूए अध्यक्ष रामपाल भाटी ने बताया कि सेक्टर में बड़े से लेकर छोटे मकान हैं। पिछले 2 साल के अंदर चोरों ने 15 मकानों में सेंध लगाकर लाखों रुपये पर हाथ साफ किया है। आज तक पीड़ितों को इंसाफ नहीं मिल सका है। जिलाधिकारी से लेकर पुलिस अधिकारी तक से शिकायत कर चुके हैं। लेकिन अब तक कोई सुनवाई नहीं हुई। एक भी चोरी की गुत्थी सुलझाने में पुलिस नाकाम है। बदमाशों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि घर में सो रहे लोगों के बाद भी वह वारदात कर रहे हैं। लोगों का आरोप है कि पुलिसकर्मी सेक्टर में गश्त नहीं करते। पीसीआर साइरन बजाकर आती है। इससे बदमाश अलर्ट हो जाते हैं। ऐसे में पुलिस का आना न आना बराबर है। दिन में बड़ी आसानी से सोने की चेन लूटने की वारदात हो रही है। सेक्टर के चारों तरफ बनी दीवार छोटी है। बदमाश दीवार फांदकर सेक्टर में घुस जाते हैं।
कई साल से खड़े हैं अज्ञात वाहन
आरडब्ल्यूए महासचिव सुरेश तिवारी ने बताया कि सेक्टर के अंदर पिछले कई सालों से अज्ञात वाहन खड़े हैं। मालिक का कोई पता नहीं है। यह पूरी तरह से सड़ चुके हैं। पुलिस से कई बार इसे हटाने को कहा गया है। लेकिन वो कहते हैं कि वाहन थाने लेकर आओ। आशंका है कि यह वाहन लूट या चोरी के हैं। यह भी हो सकता है कि किसी वारदात में इनका प्रयोग किया गया हो।
जनता कर रही पुलिस का काम
फोनरवा उपाध्यक्ष योगेंद्र शर्मा का कहना है कि अगर आरडब्ल्यूए न हो तो आपराधिक वारदात की कोई गिनती न हो। कई सेक्टरों की सुरक्षा का जिम्मा वहां की आरडब्ल्यूए ने संभाल रखा है। लोगों से चंदा लेकर सुरक्षा के लिए गार्ड व सीसीटीवी कैमरे लगवाए गए हैं। जबकि यह काम प्राधिकरण और पुलिस का है। बार-बार शिकायत करने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं होती है।
सेक्टर की सुरक्षा को लेकर कई बार पुलिस और प्रशासन के साथ बैठक की गई है। इतनी लूट व चोरी होने के बाद भी सुरक्षा नहीं मिल रही। शनिवार को पुलिस के साथ फिर बैठक है। कुछ अच्छा होने की उम्मीद है।
एएन धवन, फोनरवा महासचिव
दिन में ही चेन स्नैचिंग होती है। सुनसान सड़क हो या भीड़ वाला इलाका, बदमाश लगातार वारदात को अंजाम दे रहे हैं। समझ नहीं आता कि सेक्टर का थाना है या शोपीस। दो साल में 15 वारदात हुई लेकिन आज तक आरोपी पकड़े नहीं गए।
रामपाल भाटी, अध्यक्ष सेक्टर-20
यहां रहने वाले लोग पूरी तरह से डरे सहमे हैं। सुरक्षा के लिहाज से सेक्टर में कोई भी सुरक्षित नहीं है। थाना होने के बाद भी यह हाल है। चारों तरफ से भीड़भाड़ वाला सेक्टर होने के कारण बदमाश आसानी से भाग जाते हैं।
सुधाकर तिवारी, संरक्षक आरडब्ल्यूए सेक्टर-20