संशोधित.............
गर्भ निरोधक संबंधी भ्रामक विज्ञापनों पर रोक की मांग
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। अक्सर टीवी या रेडियो पर ऐसे कई विज्ञापन देखने-सुनने को मिलते हैं, जिनमें दावा किया जाता है कि एक बार की डोज में तीन माह तक गर्भ से छुटकारा मिल जाएगा। ऐसे ही भ्रामक विज्ञापनों के खिलाफ दिल्ली प्रदेश भाजपा के प्रवक्ता प्रवीण शंकर कपूर ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा और केंद्रीय महिला विकास मंत्री मेनका गांधी को पत्र लिखकर इन पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है। उन्होंने विज्ञापन में इस्तेमाल किए जा रहे शब्दों में सावधानी बरतने के अलावा गर्भ निरोधक व्यवस्था को सरकारी अस्पतालों तक सीमित करने का सुझाव दिया है।
कपूर ने बताया कि गर्भ निरोधक विज्ञापनों में कहा जा रहा है एक टीका लगवाएं तीन माह तक गर्भ से बेफिक्र रहें। इस तरह के विज्ञापन असुरक्षित यौन संबंधों को बढ़ाने पर बल देते हैं। उन्होंने कहा कि स्पा सेंटरों की आड़ में भी सेक्स रैकेट चलाए जा रहे हैं। सेक्स ट्रेड माफिया ऐसे टीके के बाद गर्भ ना होने की बात कह कर मासूम लड़कियों को लोगों से असुरक्षित संबंध बनाने को बाध्य कर सकते हैं। इसलिए उन्होंने ऐसी व्यवस्था बनाने की मांग की है, जिसके तहत विवाहित महिलाओं के लिए ही सरकारी अस्पतालों में इस तरह के टीके का प्रबंध हो सके। साथ ही इस तरह के विज्ञापन जारी करने वाली कंपनियों के खिलाफ ठोस कार्रवाई हो। ब्यूरो