तावडू उपमंडल वासियों ने बिजली विभाग के अधिकारियों से तावडू बिजली घर के लोड को मोहम्मदपुर अहीर 66 केवी बिजली घर पर विभाजित करने की मांग की है, ताकि तावडू बिजली घर को ओवर लोड की समस्या से निजात मिलने पर उपभोक्ताओं को पर्याप्त बिजली मिल सके।
सरपंच अब्दुल जब्बार, नंबरदार यूनूस, नंबरदार, पूर्व सरपंच सद्दीक, सरपंच इरसाद, सरपंच साजिद, सरपंच हासम, जमालुदीन, असगर ने बताया कि तावडू 66 केवी बिजली घर पर करीब दो दशक से बनी ऑवर लोड की समस्या से निजात दिलाने के लिए सरकार ने उपमंडल के गांव मोहम्मदपुर अहीर में एक नये 66 केवी बिजली घर का निर्माण कराया है, लेकिन लोड विभाजित नहीं होने के कारण इसका लाभ जहां उपभोक्ताओं को नहीं मिल पा रहा है, वहीं तावडू बिजली घर पर अभी भी ऑवर लोड की समस्या बनी हुई है। लोगों का आरोप है कि निगम अधिकारियों की इस लापरवाही का खामियाजा उपभोक्ताओं को उठाना पड़ रहा है।
तावडू 66 केवी बिजली घर के अभियंता राजेंद्र प्रसाद का कहना है कि दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम के अधिकारियों को लोड कम करने को कहा गया है। उन्होंने माना कि लोड विभाजित नहीं होने के कारण ऑवर लोड की समस्या बनी हुई है।