जिला अस्पताल की स्टाफ नर्स के खिलाफ जांच के आदेश
कर्मचारियों ने दी थी महानिदेशक को शिकायत
नगीना। जिला अस्पताल मांड़ीखेड़ा की पहली मंजिल पर चलाए जा रहे एएनएम स्कूल में लगी स्टाफ नर्स निर्मल ढांड़ा के खिलाफ एक दर्जन से अधिक सहयोगी कर्मचारियों ने आपत्तिजनक आरोप लगाते हुए महानिदेशक और सिविल सर्जन को शिकायत भेजी है। महानिदेशक ने संज्ञान लेते हुए जांच के आदेश दिए हैं। इस सिलसिले में अतिरिक्त महानिदेशक के सामने भी सुनवाई हो चुकी है।
सिविल सर्जन द्वारा 21 दिसंबर 2018 को दिए गए आदेश के अनुसार स्टाफ नर्स अन्नू को वाइस प्रिंसिपल एवं वार्डन का चार्ज दिया हुआ है। जबकि निशा सैनी शिक्षक का कार्यभार संभाल रही हैं। इसी प्रकार सबा प्रवीन, इंदिरा, मीनू और मधु को भी कुक व स्वीपर व डीलिंग के चार्ज दिए हुए हैं। इस लिस्ट में कहीं भी निर्मल ढांड़ा का नाम नहीं है, फिर भी वह सिविल सर्जन के आदेशों की अनदेखी करते हुए शिक्षक बनी बैठी हैं। अधीनस्थ कर्मचारियों के लिए उसके आदेश को ठुकराना खतरे से खाली नहीं है। उसकी हरकतों के खिलाफ पूर्व डिलिंग वसीम, स्टाफ नर्स अंजू आदि ने शिकायत महानिदेशक व सिविल सर्जन को दी हुई है। जिन पर जांच लंबित है। वहीं महानिदेशक ने शिकायतों पर संज्ञान लिया है। जल्दी ही जांच करने की बात कही है।
सिविल सर्जन डॉक्टर राजीव बातिस ने बताया कि एक दर्जन के करीब शिकायतें निर्मल के खिलाफ आई हुई है जिनकी जांच के लिए कमेटी बनाई जा रही है। जल्दी ही जांच पूरी कर ली जाएगी। उन्होंने कहा कि निर्मल के पास लिखित में कोई चार्ज एएनएम स्कूल का नहीं है।