हेडिंग: 1400 करोड़ की जमीन कराई कब्जा मुक्त
सेक्टर-43 में 176000 वर्गमीटर जमीन पर अवैध तरीके से किया गया था अतिक्रमण
अमर उजाला ब्यूरो
नोएडा। प्राधिकरण ने मंगलवार को सेक्टर-143 में बड़ी कार्रवाई करते हुए 1400 करोड़ की जमीन को कब्जा मुक्त कराया। अभियान के दौरान बड़ी संख्या में पुलिस बल का सहयोग लिया गया। यहां 1,76000 वर्गमीटर जमीन कब्जा मुक्त कराई गई। यहां 80 हजार से एक लाख रुपये प्रति वर्गमीटर जमीन का रेट है।
नोएडा प्राधिकरण के एसीईओ राकेश कुमार मिश्र ने बताया कि सेक्टर-43 के अंतर्गत सदरपुर गांव के खसरा नंबर-5, 6, 7, 8, 9, 16, 19, 20, 21, 22, 23, 24, 25, 26 की भूमि पर अतिक्रमण हटाने के लिए अभियान चलाया। यह जमीन प्राधिकरण की अर्जित एवं कब्जा प्राप्त जमीन है, जो ग्रुप हाउसिंग के अंतर्गत जीएच-1ए, जीएच-1बी और जीएच-1सी के लिए नियोजित है। यहां करीब 126600 वर्गमीटर जमीन पर करीब 250 झुग्गी-झोपड़ी व एक दर्जन नर्सरी अवैध एवं अनधिकृत रूप से बनी हुई थीं। इसे हटाने के लिए मंगलवार को नोएडा प्राधिकरण व जिला प्रशासन के संयुक्त अभियान के तहत पुलिस का सहयोग लेकर अतिक्रमण मुक्त कराया गया। इसके अलावा आगाहपुर और सदरपुर गांव के उक्त प्लॉट से लगी हुई करीब 50 हजार वर्गमीटर से भी अवैध कब्जा हटाया गया। यहां अस्थायी तौर पर निर्माण कर लिया गया था। अधिकारियों का कहना है कि यह जमीन भी नियोजित है।