संवाद न्यूज एजेंसी
पानीपत। खाद्य सुरक्षा विभाग दिवाली नजदीक आते ही गंभीर हो गया है। विभाग की टीम ने शनिवार को सनौली रोड स्थित मावा भंडार और मिठाई की दुकानों पर दबिश दी। यहां मावा और पनीर के 11 नमूने लिए और एक दुकान पर संदिग्ध रसगुल्ले की 40 किलोग्राम चाशनी को नष्ट करवाया। तीन दिन में टीम ने 16 नमूने लिए हैं। नमूनों की रिपोर्ट 14 दिन में आने का दावा किया है। कोई नमूना फेल आता है तो उस पर कार्रवाई भी की जाएगी।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. बिरेंद्र यादव की देखरेख में टीम शनिवार दोपहर बाद सनौली रोड स्थित मावा भंडार पर पहुंची। यहां हरियाणा मावा भंडार, लक्ष्मी मावा भंडार, शिव मावा भंडार और शंकर मावा भंडार पर पहुंची। यहां मावा और पनीर के 11 नमूने लिए गए। वही एक दुकान से संदिग्ध 40 किलोग्राम रसगुल्ले की चाशनी को नष्ट करवाया। खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने वीरवार को ही समालखा से घीया की बर्फी, मावा, पनीर, मिल्क केक और मसाला डोसा के पांच नमूने लिए थे। जिन्हें जांच के लिए भेजा जा चुका है। जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. बिरेंद्र यादव के पास सोनीपत का भी चार्ज है।
रिपोर्ट आने तक दिवाली की मिठाई खा चुके होंगे
खाद्य सुरक्षा विभाग ने वीरवार को मिठाइयों के नमूने लेना शुरू किए हैं। अधिकारियों ने 14 दिन में रिपोर्ट आने का दावा किया है। उस समय तक लोग दिवाली और भैया दूज की मिठाई खा चुके होंगे। सामाजिक कार्यकर्ता दिलावर सिंह ने बताया कि अधिकारियों को समय से पहले नमूने लेने शुरू करने थे। इस समय की कार्रवाई केवल खानापूर्ति और खुद को बचाने के लिए की जाती हैं। अब नमूने लेने का कोई फायदा नहीं होगा।
दिवाली के नजदीक आते ही मिठाइयों में मिलावटखोरी का खतरा बढ़ जाता है। इस बार विभाग पहले ही सक्रिय हो गया है। दिवाली तक प्रतिदिन जिले में खाद्य पदार्थों के नमूने लिए जाएंगे। मिलावटखोरों पर विभाग की निगरानी रहेगी। यदि कोई भी नमूना जांच में फेल आता है तो उस पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
- डॉ. बिरेंद्र यादव, खाद्य सुरक्षा अधिकारी
हरियाणा मावा भंडार पर सैंपल लेकर सील लगाते फूड सेफ्टी अधिकारी डॉ. वीरेंद्र। संवाद