महर्षि संस्थान के अध्यक्ष अजय प्रकाश श्रीवास्तव ने बताया कि भारत उत्कर्ष महायज्ञ केवल एक वैदिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि भारत की आध्यात्मिक चेतना, सांस्कृतिक विरासत और राष्ट्रीय एकता का जीवंत उत्सव है।
महर्षि आश्रम महर्षि नगर नोएडा में 108 कुण्डीय 10 दिवसीय महायज्ञ 16 नवम्बर से 25 नवम्बर तक आयोजित होने वाले भारत उत्कर्ष महायज्ञ को लेकर तैयारी जोरों पर है। गुरुवार को सेक्टर 110 स्थित महर्षि नगर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान महर्षि संस्थान के अध्यक्ष व महर्षि सूचना प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय एवं महर्षि महेश योगी रामायण विश्वविद्यालय, अयोध्या के कुलाधिपति अजय प्रकाश श्रीवास्तव ने बताया कि संस्थान सदैव जनहित, शिक्षा और अध्यात्म के समन्वय के लिए कार्यरत रहा है और हम लोग नोएडा में ऐसा कार्यक्रम पहली बार कर रहे हैं जिसमें 140 करोड़ आहुतियां विश्व शांति के लिए समर्पित की जाएंगी।
विज्ञापन
महर्षि संस्थान के तत्वावधान में होने वाले इस 108 कुण्डीय महायज्ञ में 140 करोड़ आहुतियां यज्ञनारायण भगवान को समर्पित की जाएंगी। साथ ही कई राज्यों की झांकियां व प्रतिदिन लेजर लाइट एंड साउंड शो के माध्यम से रामायण की कथा भी दिखाई जाएगी। इस आयोजन का संरक्षण अनन्त विभूषित स्वामी वासुदेवानन्द सरस्वती महाराज, जगद्गुरु शंकराचार्य, ज्योतिर्मठ बद्रिकाश्रम द्वारा किया जा रहा है।
महर्षि संस्थान के अध्यक्ष अजय प्रकाश श्रीवास्तव ने बताया कि भारत उत्कर्ष महायज्ञ केवल एक वैदिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि भारत की आध्यात्मिक चेतना, सांस्कृतिक विरासत और राष्ट्रीय एकता का जीवंत उत्सव है। इस अवसर पर परमपूज्य जगद्गुरु रामानुजाचार्य श्री श्री 1008 स्वामी राघवाचार्य महाराज (श्रीराम लला सेवा सदन, अयोध्या ) द्वारा श्रीराम कथा का दिव्य आयोजन भी होगा। साथ ही जगद्गुरु रामानंदाचार्य प्रेमेश्वर पीठाधीश्वर स्वामी श्री सतीशाचार्य महाराज का भी पावन सानिध्य प्राप्त होगा।
विज्ञापन
अन्नक्षेत्र में अखण्ड भण्डारा सभी आगंतुकों को सेवा, समरसता और सहयोग की भावना से जोड़ेगा। वैदिक यज्ञशाला में 108 कुण्डों से यज्ञ अनुष्ठान विश्व शांति और मानवता के कल्याण के लिए समर्पित रहेगा। श्रद्धालुओं के लिए ध्यान, वेदाध्ययन और सत्संग के सत्र भी आयोजित होंगे, जिससे चेतना के उत्थान और आध्यात्मिक साधना का अवसर मिलेगा।