कोरोना वायरस की जांच कराते लोग
- फोटो : अमर उजाला
नोएडा में शुक्रवार को एक दिन में सबसे अधिक संक्रमित मरीज मिले हैं। प्रदेश सरकार की रिपोर्ट में 1064 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई है। जबकि जिले के अलग-अलग कोविड अस्पतालों में 9 लोगों की कोरोना से मौत हो गई। इसमें से 5 मौतें सेक्टर-39 कोविड अस्पताल, 2 शारदा व 2 जिम्स में हुई हैं। स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि इनकी हालत गंभीर थी।
अब तक जिले में 137 लोगों की मौत हो चुकी है। अप्रैल में सबसे ज्यादा मौतें हो रही हैं। इससे पहले बृहस्पतिवार को 11 लोगों की मौत हुई थी। वहीं, 24 घंटे में 353 लोगों को ठीक होने पर डिस्चार्ज किया गया है। अब तक कुल 28,803 लोगों को डिस्चार्ज किया जा चुका है। जिले में कुल 4793 सक्रिय मरीज हैं। इधर, स्वास्थ्य विभाग का दावा है कि हर दिन एंटीजन और आरटीपीसीआर मिलाकर 5 हजार से ज्यादा टेस्ट किए जा रहे हैं। ऐसे में टेस्ट कराने वाले हर पांच में से एक शख्स कोरोना से संक्रमित है। हालांकि, अभी एंटीजन किट की किल्लत से जांच पर प्रभाव पड़ा है। बृहस्पतिवार को 5074 जांच और शुक्रवार को 7699 जांच हुई हैं।
जिले में 7821 लोगों का हुआ टीकाकरण
शहर में प्राइवेट और निजी अस्पतालों में 7821 लोगों का टीकाकरण किया गया। इसमें 38 सरकारी अस्पताल में 4243 और 33 प्राइवेट अस्पताल में 3578 लोगों को टीका लगा। 60 वर्ष और उससे अधिक 1059 लोगों को पहली और 2383 लोगों को दूसरी डोज लगा। वहीं, 45 से 59 वर्षीय में पहली डोज 3636 लोगों को पहली और 572 लोगों को दूसरी डोज दी गई। इसके अलावा 34 हेल्थ वर्कर को पहली और 62 को दूसरी डोज दी गई। फ्रंट लाइन वर्कर में 22 को पहली और 53 को दूसरी डोज दी गई।