चार पहिया वाहनों के लिए आज से खुलेगा आरओबी
- रोड मार्किंग के लिए किया गया बंद
- दोपहिया वाहनों के लिए खुला रहा
अमर उजाला ब्यूरो
दादरी। रेलवे फाटक पर बने रेलवे ओवर ब्रिज को रोड मार्किंग न होने से इसे मंगलवार को बंद कर दिया गया। हालांकि, बृहस्पतिवार को कार्य पूरा होने के बाद पुल पर वाहन फर्राटा भरेंगे। बता दें कि पुल को सोमवार शाम खोला गया था। विधायक व नगरपालिका की चेयरमैन ने पुल को पैदल पार किया। उनके पीछे वाहनों का काफिला गुजरा था। इसके बाद वाहनों को आवागमन शुरू हो गया था।
बीती 11 मार्च को आदर्श आचार संहिता लागू होने से कोई कार्यक्रम तो नहीं हुआ, लेकिन सांकेतिक तौर पर पुल का उद्घाटन किया गया था। सोमवार रात दोपहिया व चार पहिया वाहन गुजरते रहे। मंगलवार को चार पहिया वाहनों को रोक दिया गया, लेकिन दोपहिया वाहन चालकों को अनुमति रही। पुल पर रोड मार्किंग का काम किया जा रहा है। ताकि वाहन चालकों को यहां से गुजरने में आसानी हो सके। आरओबी पुल निर्माण कराने वाले प्रोजेक्ट मैनेजर शशि भूषण का कहना है कि रोड मार्किंग का काम पूरा कर इसे खोल दिया जाएगा। वहीं, एसडीएम राजीव राय का कहना है कि विधायक तेजपाल नागर व नगरपालिका चेयरमैन गीता पंडित ने अगर कोई कार्यक्रम कराया होता तो आचार संहिता का उल्लंघन माना जाता, लेकिन वहां कोई कार्यक्रम नहीं हुआ है।