विवाहिता से सामूहिक दुष्कर्म के 2 मुख्य आरोपी गिरफ्तार
पुन्हाना। खंड के एक गांव की विवाहिता का अपहरण कर गुरुग्राम(हरियाणा) और गाजियाबाद(उत्तर प्रदेश) में लगभग आठ दिनों तक बंधक बनाकर 11 लोगों द्वारा सामूहिक दुष्कर्म किए जाने के मामले में पुलिस ने दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को बुधवार को अदालत में पेश किया जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। वहीं पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में जुट गई है। पुन्हाना के डीएसपी अशोक कुमार ने बताया कि 11 में से दो मुख्य आरोपी ड्राईवर अरशद गांव बनारसी और जमशेद निवासी रायपुर को गिरफ्तार कर लिया गया है।
उन्होंने बताया कि 21 वर्षीय विवाहिता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि पिछले दिनों वह मायके आई हुई थी। 24 फरवरी की रात 2 बजे जमशेद, सरीफ, और साहब उसके कमरे में जबरदस्ती घुस आए। उन्होंने कपड़ा ठूंसकर उसका मुंह बंद कर दिया और अपहरण कर एक सेंट्रो कार से गुरुग्राम ले गए। आरोप है कि वहां पीड़िता को एक कमरे में ले जाकर रखा गया। जहां आरोपियों के अन्य साथी भी मौजूद थे, जिनकी संख्या 11 हो गई थी। सभी 11 लोगों ने मिलकर उसके साथ दुष्कर्म किया और एक रात रुकने के बाद गाजियाबाद ले गए। वहां भी सभी ने मिलकर पीड़िता के साथ बार-बार दुष्कर्म किया। बाद में आरोपी उसे गाजियाबाद से 4 मार्च को पिनगवां छोड़कर भाग गए। वहां से घर जाकर पीड़िता ने अपने परिवार वालों को इस घटना के बारे में बताया। तबीयत ठीक नहीं होने की वजह से उसने तुरंत पुलिस को जानकारी नहीं दी थी। गत 9 मार्च को उसने पुन्हाना पुलिस को अवगत कराया।
डीएसपी अशोक कुमार ने बताया कि पीड़िता के 164 के बयान कराकर मेडिकल परीक्षण कराया गया जिसमें दुष्कर्म की पुष्टि हुई। पीड़ित महिला की शिकायत पर जमशेद, सरीफ, सहाब, जाकिर खान, मास्टर, तौफिक, शकिल, अरसद, रफा, आदिल समेत 11 लोगों के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म का मामला दर्ज किया गया था। मामले में दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।