सदर बाजार में अतिक्रमण करने वालों पर दर्ज होगा केस
गुरुग्राम। शहर के सबसे पुराने सदर बाजार में अतिक्रमणकारियों पर कार्रवाई करने के लिए नगर निगम ने कड़ा रुख अख्तियार कर लिया है। अब बाजार में जो भी दुकानदार अतिक्रमण करेगा उसके खिलाफ नगर निगम की ओर से पुलिस में मामला दर्ज करवाया जाएगा। नगर निगम की ओर से दुकानदारों को एक सप्ताह का समय दिए जाने के बाद भी बाजार से अतिक्रमण नहीं हटा है। इस कारण अब नगर निगम सोमवार से दुकानदारों पर कार्रवाई शुरू करेगा।
एक सप्ताह पहले आठ दिसंबर शनिवार को नगर निगम की ओर से सदर बाजार में अतिक्रमण कर रहे दुकानदारों की करीब 100 दुकानों को सील करने के लिए टीम बाजार में सुबह पहुंची थी, लेकिन दुकानदारों को इस बारे में पहले से सूचना होने के कारण सभी दुकानदार सुबह ही बाजार में एकत्रित हो गए थे। इस कारण नगर निगम टीम को विरोध का सामना करना पड़ा था। सदर बाजार के दुकानदारों ने एक सप्ताह का समय निगम से मांगा था। शनिवार को दुकानदारों का एक सप्ताह का समय पूरा हो गया है। ऐसे में नगर निगम ने भी अपनी तैयारियां शुरू कर दी हैं।