गैस एजेंसी मैनेजर से 37 लाख लूट का मास्टर माइंड गिरफ्तार
गुरुग्राम। बैंक में रुपये जमा करवाने जा रहे गैस एजेंसी मैनेजर से 37 लाख रुपये लूटने के मामले की जांच में अपराध शाखा सेक्टर-39 को कामयाबी हाथ लगी है। पुलिस ने मास्टरमाइंड सहित एक अन्य को गिरफ्तार कर लिया है। तीन आरोपी अब भी फरार हैं। दोनों आरोपियों से 2 पिस्तौल सहित 8 कारतूस बरामद हुए हैं। आरोपियों को अदालत में पेश कर 6 दिन की रिमांड पर लिया गया है।
सोमवार को सहायक पुलिस आयुक्त (अपराध) शमशेर सिंह ने पुराना पुलिस आयुक्त कार्यालय में पत्रकारवार्ता में बताया कि अपराध शाखा सेक्टर-39 की टीम को रविवार देर शाम सूचना मिली थी कि 26 नवंबर को साउथ सिटी-1 से उर्वशी गैस एजेंसी के प्रबंधक सुशील से 37 लाख रुपये लूटने वाले दो आरोपी द्वारका एक्सप्रेसवे से गुजर रहे हैं। इस पर दोनों को काबू किया गया। आरोपियों की पहचान झज्जर के गांव बापड़ोदा निवासी सोमवीर उर्फ सोनू (35) व रोहतक के गांव ब्राह्मणवास निवासी ईश्वर उर्फ दीपक (20) के रूप में हुई।
एसीपी ने बताया प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि सोमवीर उर्फ सोनू पूरी वारदात का मास्टरमाइंड है। लूट के मामले में वह भोंडसी जेल में बंद था और 9 महीने पहले ही जमानत पर बाहर आया था। जेल में उसकी पहचान सुरेंद्र से हुई थी। सोमवीर ने सुरेंद्र से गैस एजेंसी का काम करने की इच्छा जताई थी। इस पर सुरेंद्र ने सोमवीर की मुलाकात उर्वशी गैस एजेंसी के मैनेजर सुशील से करवा दी थी। एजेंसी पर बड़ी मात्रा में नकदी का लेनदेन देखकर सोमवीर ने लूट की योजना बनाई। अपनी योजना में आरोपी ने दीपक सहित मनीष, अजय और सन्नी को शामिल किया। सोमवीर पर पहले ही लूट के 5 मामले दर्ज हैं। पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि गैस एजेंसी मैनेजर सुशील और सुरेंद्र में पहले से कैसे परिचय है।
वारदात को अंजाम देकर दिल्ली गए थे आरोपी
आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने दो पिस्तौल व 8 कारतूस बरामद किए हैं। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने अपने तीन अन्य साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया था। इसमें से तीन युवक बाइक पर थे, जबकि दो साथी कुछ ही दूरी पर रिट्ज गाड़ी में उनका इंतजार कर रहे थे। वारदात को अंजाम देने के बाद यह सभी दिल्ली की तरफ रवाना हो गए थे।