कृषि वैज्ञानिक डॉ. श्रीवास्तव को ‘स्क्रॉल ऑफ ऑनर’
गुरुग्राम। कृषि क्षेत्र में अपने अभूतपूर्व कार्यों को लेकर हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय (एचएयू) के पूर्व निदेशक और वैज्ञानिक डॉ. एमपी श्रीवास्तव को ‘स्क्रॉल ऑफ ऑनर’ सम्मान से नवाजा गया है। रायपुर स्थित इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय में आयोजित समारोह में उन्हें सम्मानित किया गया।
पिछले सप्ताह इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय (आईजीएयू) और इंडियन पैथोलॉजिकल सोसायटी (आईपीएस) की ओर से आयोजित कार्यक्रम में डॉ. श्रीवास्तव ने किसानों, कृषि उत्पादों, एंटरप्रेन्योर और ऑनलाइन प्लांट हेल्थ क्लिनिक संबंधी विषयों पर अपने विचार रखे। इस मौके पर आईजीएयू के उप कुलपति डॉ. एसके पाटिल और डॉ. जेपी शर्मा ने उन्हें कृषि क्षेत्र में शोध और बेहतरीन भूमिका को लेकर स्क्रॉल ऑफ ऑनर से सम्मानित किया।
एचएयू के पूर्व निदेशक डॉ. श्रीवास्तव को उनके बेहतरीन प्रदर्शन की बदौलत इंटरनेशनल टेक्नोलॉजिकल अचीवमेंट अवॉर्ड, आईपीएस रिकॉगनाइजेशन अवॉर्ड-2014, प्लांट प्रोटेक्शन को लेकर लाइफ टाइम अचीवमेंट अवॉर्ड समेत कई बड़े सम्मानों से पुरस्कृत किया जा चुका है। फिलहाल वह ऑनलाइन डायग्नोस्टिक एंड एडवाइजर का काम कर रहे हैं।