--
जर्जर तार, गले पोल और खराब पैनल बन रहे हादसों का सबब
- कई साल से बदलवाने की मांग कर रहे हैं शहरवासी
अमर उजाला ब्यूरो
नोएडा। जर्जर पैनल, खंभे और तार हादसे को न्यौता दे रहे हैं। बार बार शिकायत के बाद भी विद्युत विभाग की ओर से अभी उनको बदला नहीं गया है। सर्फाबाद में बृहस्पतिवार को जर्जर तार टूटकर गिर गया और लोगों के जागरूक होने के कारण बड़ा हादसा टल गया। ग्रामीण सुखवीर पहलवान का कहना है कि विभाग के अधिकारियों से कई बार जर्जर तार बदलने की मांग कर चुके हैं मगर अभी तक कुछ नहीं हो पाया है।
विद्युत विभाग की लापरवाही के कारण नोएडा में कई बार जर्जर पोल गिरने से हादसे हो चुके हैं। मगर विभाग की नींद टूटी है। जिले में करीब 5 हजार जर्जर पोल बदलने की योजना बनाई गई थी। मगर योजना अभी तक ठंडे बस्ते में पड़ी है। सेक्टर-22 और चोड़ा, 57, 58, मोरना और गिझौड़ समेत कई गांवों में भी जर्जर पोल बदलने हैं। वहीं पिछले दिनों विभाग ने जर्जर तारों को बदलवाने के लिए करीब 200 किलोमीटर केबल लगवाने की बात कही थी। मगर अभी तक केबल बदलवाने का काम शुरू नहीं हुआ है।
------
पैनल की हालत खराब
शहर की करीब 40 सोसायटियों में करीब 35 साल पहले पैनल लगाए गए थे। जिन्हें आज तक बदला नहीं गया। इनमें से ज्यादातर पैनल जर्जर हो गए हैं और कई टूटकर गिरने लगे हैं। लोगों ने विद्युत विभाग से कई बार इसकी शिकायत की है मगर आज तक इसकी सुनवाई नहीं हुई। सेक्टर-62 के रजत विहार, सेक्टर-33 की कई सोसायटी वासियों की ओर से मुख्यमंत्री और ऊर्जा मंत्री के अलावा भी यूपीपीसीएल के अधिकारियों को इस बाबत पत्र लिखे जा चुके हैं। रजत विहार कॉलोनी निवासी सुमिता गर्ग का कहना है कि सोसायटी में पैनल जर्जर है और इनसे किसी भी दिन बड़ा हादसा हो सकता है।
जर्जर पोल, तार और मीटर पैनल को बदलवाने का प्रस्ताव पास हो चुका है। ऑनलाइन टेंडर प्रक्रिया में थोड़ी देर हो रही है। जिस कारण यह काम शुरू नहीं हो पाए हैं। जल्द ही टेंडर प्रक्रिया पूरी हो जाएगी और सभी कार्यों को शुरू कर दिया जाएगा। - एसके वर्मा, मुख्य अभियंता गौतमबुद्घ नगर ।