हेडिंग: प्राधिकरण ने सेक्टरों में अवैध निर्माण की बात मानी
मंडलायुक्त अनीता मेश्राम और आईजी राम कुमार के सामने प्राधिकरण ने किया स्वीकार
सेक्टर-27, 28, 29 और 31 के मामले में जांच टीम ने ली जानकारी
अमर उजाला ब्यूरो
नोएडा। शहर में अवैध तरीके से किए गए निर्माण और अतिक्रमण की बात को जोर शोर से उठाने पर भी जिस प्राधिकरण की आंखें नहीं खुल रही थीं, उसने बुधवार को मंडलायुक्त अनीता मेश्राम और आईजी राम कुमार के सामने सेक्टरों में अवैध निर्माण होने की बात खुद ही बताई। प्राधिकरण ने माना कि यहां बड़े पैमाने पर अतिक्रमण और अवैध निर्माण किए गए हैं। मंडलायुक्त और आईजी के सामने प्राधिकरण की टीम पहुंची थी। यहां अधिकारियों ने जांच टीम को रिपोर्ट दी।
दरअसल, सेक्टर-29 में एडीएम-रिटायर्ड कर्नल विवाद की जड़ में अवैध निर्माण और अतिक्रमण प्रमुख रूप से शामिल हैं। इस वजह से दोनों परिवार के बीच विवाद गहराता चला गया और बाद में मामला काफी गंभीर हो गया। मामले में प्राधिकरण ने कार्रवाई करते हुए 21 अगस्त को एडीएम के घर में किए गए अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया। इसके बाद लोगों ने सवाल उठाना शुरू कर दिया था कि सेक्टरों में ही नहीं, बल्कि पूरे शहर में अवैध निर्माण और अतिक्रमण किया गया है और इनके खिलाफ भी कार्रवाई होनी चाहिए। इसके बाद जांच टीम ने इस बाबत जानकारी मांगी थी। प्राधिकरण ने बताया कि सेक्टर-27, 28, 29, 31 सहित कई सेक्टरों में वीआईपी लोग भी रहते हैं और अधिकांश में नियमों को ताक पर रखकर निर्माण किए हैं। प्राधिकरण का यह भी कहना था कि यहां शिकायतें मिलने पर समय-समय पर कार्रवाई की जाती रही है।