मंत्री गोपाल राय की अध्यक्षता में ग्राम विकास बोर्ड की बैठक में फैसला
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। गांवों के विकास में तेजी लाने के लिए दिल्ली सरकार ने शुक्रवार को 93 करोड़ रुपये की 100 परियोजनाओं को मंजूरी दी। इस संबंध में विकास मंत्री गोपाल राय की अध्यक्षता में दिल्ली सचिवालय में ग्राम विकास बोर्ड की बैठक हुई। इस दौरान सड़कों, नालियों, जल निकायों, सामुदायिक केंद्र, पार्क, श्मशान, खेल मैदान आदि विकास कार्यों को मंजूरी दी गई। इन परियोजनाओं का उद्देश्य राजधानी के ग्रामीण इलाकों में सुविधाओं को बेहतर बनाना है।
बैठक के दौरान गोपाल राय ने कहा कि ग्राम विकास को सुनिश्चित करने के लिए सरकार ने दिल्ली ग्राम विकास बोर्ड का गठन किया था। इस बैठक में 93 करोड़ रुपये की लागत से 100 नई परियोजनाओं को मंजूरी दी गई है। सभी अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि इन परियोजनाओं को समयसीमा के भीतर पूरा किया जाए। सरकार शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों के नागरिकों को सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। इसके तहत बड़े गांवों में बैठने के लिए 100 बेंच और छोटे गांवों में 20 बेंच लगाने की योजना को भी मंजूरी दी गई है। इन कार्यों को सिंचाई और बाढ़ नियंत्रण विभाग और एमसीडी के माध्यम से किया जाएगा।
यह हैं परियोजनाएं
संपर्क और ग्रामीण सड़कों का निर्माण, तालाबों/जलाशयों का विकास, सामुदायिक केंद्र, पार्क, श्मशान, खेल मैदान व व्यायामशाला का निर्माण, जल निकासी व्यवस्था का सुधार और चौपाल, बारात घर, सामुदायिक केंद्र आदि का निर्माण व मरम्मत