-आठ से 20 मई तक दिया जाएगा 12 दिन का प्रशिक्षण
-जिले में आपदा मित्र व सखी के रूप में करेंगे काम
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। जिले के 100 लोगों का दल आपदा मित्र और सखी बनने के लिए बस में सवार होकर लखनऊ रवाना हो गया है। कलेक्ट्रेट में डीएम ने हरी झंडी दिखाकर बसों को रवाना किया। जहां वो 12 दिन का प्रशिक्षण लेंगे। प्रशिक्षण पूरा करने के बाद उनको आईकार्ड और प्राथमिक किट दी जाएगी। उसके बाद वो जिले में आपदा के समय बचाव कार्य में प्रशासन व पुलिस की मदद करेंगे। हालांकि इसके लिए उनको किसी तरह का मानदेय नहीं मिलेगा।
प्रदेश सरकार ने हर जिले में 100-100 आपदा मित्र बनाने का आदेश दिया था। इनमें आपदा सखी भी शामिल होंगी। प्रशासन ने 100 आपदा मित्र व सखी का चयन कर लिया है। इन 100 में 6 सखी, चार एनसीसी कैडेट्स, 10 मंगल दल के सदस्य शामिल है। इन सभी को प्रशिक्षण दिया जाएगा। डीएम मनीष कुमार वर्मा ने बताया कि 8 से 20 मई के बीच लखनऊ में सभी को प्रशिक्षण दिया जाएगा। बुधवार को कलेक्ट्रेट से बस के माध्यम से सभी को लखनऊ भेजा गया है। बृहस्पतिवार को इनका प्रशिक्षण शुरू हो जाएगा। प्रशिक्षण पूरा करने के बाद इनको सर्टिफिकेट और आपदा मित्र व सखी का आईकार्ड दिया जाएगा। सभी को शासन की तरफ से एक आपातकाल रिस्पांडर किट भी दी जाएगी। साथ ही बीमा पॉलिसी भी कराई जाएगी।जिला आपदा विशेषज्ञ ओमकार चतुर्वेदी ने बताया कि अगर आपदा आती है तो आपदा मित्र फर्स्ट रिस्पांडर के रूप में काम करेंगे। तत्काल मौके पर पहुंचकर बचाव कार्य में मदद करेंगे।