राज्य स्तरीय बालक खो-खो प्रतियोगिता के पहले दिन खेले गए नॉकआउट मुकाबले
संवाद न्यूज एजेंसी
ग्रेटर नोएडा। काउंसिल फॉर द इंडियन स्कूल सर्टिफिकेट एग्जामिनेशंस (सीआईएससीई) की दो दिवसीय राज्य स्तरीय बालक खो-खो प्रतियोगिता का आगाज बुधवार को ग्रेटर नोएडा के सेक्टर अल्फा-1 स्थित सेंट जोसेफ स्कूल में हुआ। इस प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश के 10 जोन के 300 से अधिक खिलाड़ियों ने भाग लिया और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। पहले दिन नॉकआउट के मुकाबले खेले गए।
प्रतियोगिता में गाजियाबाद (मेजबान), गोरखपुर, कानपुर उत्तर, कानपुर दक्षिण, लखनऊ उत्तर, लखनऊ दक्षिण, बरेली, आगरा, मेरठ और वाराणसी जोन की टीमों ने हिस्सा लिया। इसमें खिलाड़ियों के साथ करीब 50 प्रशिक्षक और टीम अधिकारी भी मौजूद रहे। तीन आयु वर्गों अंडर-14 वर्ष से कम, 17 वर्ष से कम और 19 वर्ष से कम में खिलाड़ियों ने अपनी टीम को विजय बनाने में अहम भूमिका निभाई। विद्यालय के प्रधानाचार्य फादर जिप्सन पलाटी ने बताया कि पहले दिन नॉकआउट स्पर्धा में मुकाबले खेले गए। इसमें खिलाड़ियों के बीच कड़ी स्पर्धा देखने को मिली हैं।
वहीं, दूसरे दिन बृहस्पतिवार को सेमीफाइनल व फाइनल में मुकाबले खेले जाएंगे। इस प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य अतिथि अंतरराष्ट्रीय महिला फुटबॉल खिलाड़ी तन्वी सिंह ने किया। विद्यालय के खेल अध्यापक मनीष तिवारी, त्रिमोहन कुमार, एकता खन्ना, संगीता राठी, सृजन कुमारी, आदि मौजूद रहे। वहीं, चंद्रमणि शर्मा, सन्नी कुमार, रितिका, तान्या, वंदना, रचित, कशिश, जय, अनिकेत आदि ऑफिशियल की भूमिका निभा रहे हैं।
इन टीमों के हुए नॉकआउट मुकाबले
नॉकआउट मुकाबले में अंडर-14 कैटेगरी में गाजियाबाद ने वाराणसी, वाराणसी ने आगरा, कानपुर उत्तर ने लखनऊ दक्षिण, मेरठ ने लखनऊ उत्तर, वाराणसी ने प्रयागराज, कानपुर दक्षिण ने आगरा, गाजियाबाद ने प्रयागराज, कानपुर दक्षिण ने बरेली को पराजित किया। अंडर-17 कैटेगरी में कानपुर उत्तर ने कानपुर दक्षिण, गाजियाबाद ने मेरठ, लखनऊ दक्षिण ने आगरा, कानपुर दक्षिण ने प्रयागराज, कानपुर दक्षिण ने प्रयागराज को हराया। अंडर-19 कैटेगरी में कानपुर उत्तर ने लखनऊ दक्षिण, गाजियाबाद ने वाराणसी, कानपुर उत्तर ने लखनऊ उत्तर, कानपुर दक्षिण ने गाजियाबाद, लखनऊ दक्षिण ने लखनऊ उत्तर, कानपुर दक्षिण ने वाराणसी को मात दी। अंडर-19 में कानपुर दक्षिण, गाजियाबाद, कानपुर उत्तर व लखनऊ दक्षिण की टीमों ने सेमीफाइनल में जगह बनाई हैं।