जिले के चार ब्लाॅक क्षेत्रों के किसानों को उर्वरक और बीज लेने में परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा। जिला प्रशासन की तरफ से 10 समितियों का गठन किया गया है। इससे किसानों को काफी सहूलियत मिलेगी।
जिले में नौ ब्लाॅकों में 92 समितियों का संचालन किया जाता है। शासन की तरफ से चार ब्लाॅकों के न्याय पंचायत स्तर पर 10 समितियों का गठन किया गया है। यहां पर गोदाम बनाने की प्रक्रिया की कवायद शुरू हो गई है।
विभाग की तरफ से जमीन चिंहित करने का कार्य लगभग पूरा किया जा चुका है। यह कार्य पूरा होने के बाद जल्द हो गोदाम बनाकर उर्वरक का वितरण शुरू कर दिया जाएगा। शासन की तरफ से कोपागंज ब्लाॅक के लाड़नपुर, चौबेपुर, महुआर बसगितिया और कोपागंज बाजार न्याय पंचायत में समिति का गठन किया गया है। वहीं रानीपुर ब्लाॅक के चैनपुर, मंडूसरा, मिर्जापुर, मुहम्मदाबादगोहना ब्लाॅक के सहुआरी, देवसीपुर के साथ ही घोसी ब्लाॅक के कलाफनपुर न्याय पंचायत में समिति का गठन किया गया है।
इन न्यास पंचायतों में समिति का गठन का होने से दर्जनों गांवों के लोगों को फायदा होगा। उर्वरक लेने के लिए किसानों को दूर-दराज के क्षेत्रों में नहीं जाना पड़ेगा। किसानों को उर्वरक और कीटनाशक पास की समिति से मिल जाएगा। विभागीय अधिकारियों की मानें तो जल्द ही समिति के लिए गोदाम का निर्माण कार्य शुरू करा दिया जाएगा।