माई सिटी रिपोर्टर नोएडा। लगातार बढ़ रही गर्मी और लू के प्रकोप को देखते हुए जिला अस्पताल प्रशासन ने मरीजों की सुविधा के लिए विशेष इंतजाम शुरू किए हैं। अस्पताल के वार्डों में मरीजों को राहत पहुंचाने के लिए 2 लाख 50 हजार रुपये के 10 नए कूलर मंगाए हैं। अस्पताल प्रशासन ने बताया कि आने वाले दिनों में तापमान और बढ़ने की संभावना को देखते हुए यह कदम उठाया गया है।
जिला अस्पताल अधीक्षक अजय राणा ने बताया कि गर्मी के कारण अस्पताल में भर्ती और ओपीडी में आने वाले मरीजों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। खासतौर पर बुजुर्ग, बच्चे और गंभीर मरीजों को उमस और गर्म हवाओं से दिक्कत हो रही थी। इसी को ध्यान में रखते हुए वार्डों और ओपीडी में लगाने के लिए 10 कूलर मंगाए गए हैं, ताकि मरीजों और उनके तीमारदारों को राहत मिल सके। वहीं अस्पताल प्रशासन ने लोगों से गर्मी के दौरान पर्याप्त पानी पीने, धूप से बचने और स्वास्थ्य संबंधी परेशानी होने पर तुरंत डॉक्टर से संपर्क करने की अपील की है।