ग्रेटर नोएडा। एक लाख के इनामी जोगेंद्र उर्फ जुगला ने कोर्ट में आत्मसमर्पण कर दिया है। दादरी कोतवाली पुलिस गिरफ्तारी के लिए ताबड़तोड़ दबिश दे रही थी। जुगला पर हत्या व हत्या के प्रयास के मुकदमे दर्ज हैं। वर्तमान में उसके खिलाफ चमन भाटी हत्याकांड मामले में कोर्ट से गैर जमानती वारंट जारी हुआ था। वारंट जारी होने के बाद दादरी कोतवाली पुलिस ने जुगला के घर दबिश दी। मुखबिरी कर संभावित ठिकानों पर छापेमारी की और करीबियों से पूछताछ की गई। बताया गया है कि पुलिस की कार्रवाई का दबाव जुगला पर बढ़ गया था। इसके बाद उसने आत्मसमर्पण का निर्णय लिया।
प्रभारी दिनेश कुमार ने बताया कि जुगला पर मेरठ जोन के एडीजी ने एक लाख का इनाम घोषित किया था। जुगला अनिल दुजाना गिरोह का बदमाश है। आरोप है कि उसने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर वर्ष 2013 में दादरी में चमन भाटी की हत्या की थी। हत्या में शामिल जुगला व योगेश डाबरा पर गत दिनों एक लाख का इनाम घोषित किया गया था। इनाम घोषित होने के बाद पुलिस ने बदमाश की तलाश तेज कर दी थी। जिसके चलते जुगला ने आत्मसमर्पण कर दिया। वहीं योगेश डाबरा अभी भी फरार है। उसकी तलाश में पुलिस की टीमें लगी हुई हैं।