नूंह। जिले में कोरोना से मौत के मामले बढ़ते जा रहे हैं। मंगलवार को कोरोना से एक व्यक्ति की जान चली गई। कुल 22 लोगों की मौत हो चुकी है। फिरोजपुर झिरका खंड के खेड़ली गांव निवासी 38 वर्षीय व्यक्ति का सड़क दुर्घटना में घायल होने के बाद 24 सितंबर से मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा था। कोरोना जांच में वह पॉजिटिव मिला था, इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। वहीं मंगलवार को कोरोना के 5 नए मामले सामने आए और 13 मरीज ठीक हुए हैं।
फिरोजपुर झिरका में एक, बुराका में दो, नूंह में एक और हेबतका में एक केस मिले हैं। जिले में कुल 64 मरीज हैं। 1102 मामले सामने आ चुके हैं। इनमें से 1016 मरीज ठीक हो गए हैं। 22 की मौत हो चुकी है। 28771 लोगों को निगरानी पर रखा जा चुका है, जिनमें से 27457 लोगों का निगरानी समय पूरा हो चुका है। 1314 की निगरानी जारी है। 59839 लोगों के सैंपल लैब में भेजे जा चुके हैं, जिनमें से 57804 की निगेटिव रिपोर्ट आई है। 612 की रिपोर्ट आनी बाकी है।