नोएडा। विदेश में नौकरी दिलाने का झांसा देकर युवक से 1.60 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। एसएसपी के निर्देश में सेक्टर-20 थाने में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
शिकायत के अनुसार करनाल हरियाणा निवासी सुरेश कुमार ने दिसंबर 2017 में सेक्टर-18 नोएडा स्थित एक कंपनी का विदेश भेजने का विज्ञापन देखा था। जिसके बाद वह नोएडा पहुंचे। कंपनी कार्यालय में इराक भेजने को लेकर बातचीत हुई। उनसे 1.60 लाख रुपये मांगे गए। उसमें वीजा, टिकट सहित अन्य सभी कार्य कराने की बात कही गई। बातचीत होने पर सभी दस्तावेज व रुपये की डिमांड की गई। फरवरी 2018 में सुरेश ने 60 हजार रुपये नकद दिए जिसके कुछ समय बाद एक लाख रुपये खाते में ट्रांसफर कर दिए। कंपनी की ओर से मार्च में फोन कर उन्हें बताया गया कि करनाल में एक चौक पर मिलकर अपना वीजा, टिकट व इराक की कंपनी का एग्रीमेंट ले लें। आरोप है कि वहां इस प्रकार से ही कई लोगों को बुलाया गया था। आरोप है कि उस दौरान कुल करीब 10 लोगों को टिकट, वीजा सहित अन्य दस्तावेज दिए गए थे।
आरोप है कि 28 मार्च 2018 को जब वह लोग दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचे तो वहां जांच के दौरान सभी दस्तावेज फर्जी पाए गए व गेट से वापस कर दिया गया। इसके बाद जब कंपनी से जुड़े लोगों से संपर्क करने पर पीड़ितों से दुर्व्यवहार करना शुरू कर दिया गया व धमकी दी गई। इस मामले में पीड़ितों ने विभिन्न जगह पर शिकायत की थी। अब एसएसपी के आदेश पर एफआइआर दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की है।