अभी मंडी हादसे के सदमे से हम उबरे नहीं थे कि शनिवार को नोएडा के युवाओं के साथ भी ऐसा ही हादसा ऋषिकेश में हो गया।
सात युवकों में से दो की गंगा नदी में बह जाने से मौत हो गई, जबकि उनके दो साथियों को वहां मौजूद लोगों ने किसी तरह से बचा लिया। देर शाम जैसे ही इस घटना की जानकारी युवकों के परिजनों को हुई तो पीड़ित परिजन ऋषिकेश के लिए रवाना हो गए।
शनिवार सबेरे चार बाइकों पर सवार होकर ऋषिकेश के लिए निकले युवाओं को अंदाजा भी नहीं होगा कि आज का दिन उनके लिए बुरी खबर लाने वाला है।
दोस्तों को बहते हुए देखते रह गए युवक
ऋषिकेश पहुंचने पर गर्मी का अहसास होने पर दल में शामिल तीन लोग नहाने के लिए गंगा में उतर गए। इसी बीच तीनों तेज जलधारा की चपेट में आकर बहने लगे।
उन्हें डूबता देख बाकी साथियों ने शोर मचाना शुरू कर दिया। शोर सुनकर स्थानीय लोग उन्हें बचाने का प्रयास करने लगे।
पर्यटकों की टीम में शामिल प्रशांत ने फोन पर बताया कि दीपक, मोहम्मद सिद्दिकी, अभिषेक और शिव समेत नोएडा के सेक्टर 51 और सेक्टर 15 से सात युवक ऋषिकेश के लिए रवाना हुए थे।
वीकेंड पर सैर-सपाटा के लिए पहुंचे थे
योजना थी कि वीकेंड पर हरिद्वार और ऋषिकेश जाकर सैर-सपाटा करेंगे। दोपहर के समय शिवपुरी केंपिंग स्पॉट के पास पर्यटकों की भीड़ देखकर नोएडा के युवक रुक गए।
लोगों को गंगा में स्नान करते देख साथियों ने भी गंगा में नहाने की बात कही। इस पर दीपक, मोहम्मद सिद्दीकी, अभिषेक और शिव ने गंगा में उतरकर नहाना शुरू कर दिया, जबकि अन्य तीन युवक गंगा के किनारे बैठकर देखने लगे।
इसी बीच पानी का तेज बहाव आया और गंगा में स्नान कर रहे ज्यादातर लोग उसकी चपेट में आ गए। स्थीनीय लोग स्थिति को भांपकर किसी तरह से बाहर निकल गए, लेकिन उनके दोस्त तेज बहाव की चपेट में आ गए।
और मच गई चीख-पुकार
साथियों को डूबता देखकर बाहर खड़े दोस्तों ने शोर मचाना शुरू कर दिया। वहां, मौजूद लोगों की सहायता से अभिषेक और शिव को बाहर निकाल लिया गया, लेकिन दीपक और मोहम्मद सिदुदीकी बहकर काफी दूर तक जा चुके थे। बदहवास हालत में हादसे की जानकारी बाहर खड़े साथियों ने अपने परिजनों को दी।
सूचना पाकर सेक्टर 51 में रहने वाले दीपक और मोहम्मद सिद्दीकी के परिजनों से रहा नहीं गया। अन्य युवकों के परिजन भी बिना देरी किए नोएडा से देर रात ऋषिकेश पहुंच गए।। प्रशांत ने बताया कि दीपक और मोहम्मद सिद्दीकी दिल्ली की एक निजी कंपनी में नौकरी कर रहे थे।
सिद्दीकी की हाल में ही नौकरी लगी थी। जिससे वह काफी खुश था। जबकि दीपक की शादी हो चुकी है और उसकी पत्नी आरती इन दिनों सिंगापुर में है और देर रात उसे भी हादसे की सूचना दे दी गई।