नोएडा एसओजी टीम ने सिरसागंज थाना पुलिस को साथ लेकर जायमई गांव में शुक्रवार देररात्रि दबिश दी। गांव से दो युवकों को उठाकर अपने साथ ले गई। पुलिस ने दोहरे हत्याकांड के संबंध में दोनों से पूछताछ की है। नोएडा में 6 दिसंबर को हुए गैंगवार से दोनों युवकों के तार जुड़े होने की आशंका।
नोएडा के पॉश सेक्टर 46 गार्डन गैलेरिया सोसाइटी में 6 दिसंबर को गैंगवार के दौरान फिरोजाबाद के उरावर निवासी अनिल कुमार उर्फ नीलू व हरिनाथ उर्फ मिथुन की हत्या कर दी गई थी। दो युवकों की हत्या के मामले में पुष्पेंद्र की तहरीर पर शिकोहाबाद के शंभूनगर निवासी सत्येंद्र उर्फ भोलई एवं छोटना व हरीशंकर के खिलाफ अभियोग कोतवाली सेक्टर 39 में दर्ज कराया है।
पुष्पेंद्र का आरोप है अनिल व हरिनाथ की हत्या इन्हीं ने की है। गैंगवार के दौरान दोहरे हत्याकांड में एसओजी नोएडा के इंस्पेक्टर उदय प्रताप सिंह के नेतृत्व में शुक्रवार को देररात्रि को टीम जिले आई थी। टीम ने अफसरों से भेंट करने के बाद थाना सिरसागंज पहुंची। सिरसागंज के प्रभारी निरीक्षक दिनेश कुमार सिंह को साथ लेकर जायमई में दबिश दी।
पुलिस ने दबिश के दौरान जायमई निवासी सूरज पुत्र स्वराज एवं प्रेम प्रभाकर पुत्र मुन्नीलाल को हिरासत में ही लेने के साथ ही अपने साथ ले गई। नोएडा पुलिस की दबिश देने से गांव में हड़़कंप मच गया। इस संबंध में सिरसागंज के एसएचओ दिनेश कुमार सिंह से बात की गई तो उन्होंने कहा कि नोएडा में दो लोगों को हुए मर्डर के मामले में नोएडा की एसओजी टीम ने दबिश दी थी। जायमई निवासी सूरज तथा प्रेम प्रभाकर को पूछताछ के लिए अपने साथ ले गई है।