पिछले आठ दिन से हो रही बिजली कटौती से बृहस्पतिवार को राहत मिलने की उम्मीद है। आरसी ग्रीन सबस्टेशन में 60 एमवीए का ट्रांसफार्मर लगाने का काम पूरा हो गया है। मंगलवार को ट्रांसफार्मर की टेस्टिंग की गई, जो बुधवार को भी जारी रहेगी। टेस्टिंग सफल होने पर ट्रांसफार्मर को प्रयोग में लाया जाएगा।
चार जुलाई को आरसी ग्रीन सबस्टेशन में लगा 60 एमवीए का ट्रांसफार्मर फॉल्ट होने के कारण फुंक गया था। ट्रांसफार्मर फुंकने से एनपीसीएल को 50 मेगावाट बिजली कम मिल रही है।
ऐसे में कंपनी शहरी, ग्रामीण व औद्योगिक सेक्टरों में कटौती कर रही है। शुरुआत में तीन घंटे की कटौती का शेड्यूल जारी किया था, लेकिन बिजली की खपत 360 मेगावाट से ऊपर पहुंचने के कारण कटौती का समय बढ़ा दिया। शहरी क्षेत्र में पांच और ग्रामीण क्षेत्र में 10 से 12 घंटे की कटौती की जा रही है। शहर के लोगों को बिजली कटौती से बृहस्पतिवार को राहत मिलने की उम्मीद है।
एनपीसीएल के जीएम सारनाथ गांगुली ने बताया कि 60 एमवीए का ट्रांसफार्मर लगाने का काम पूरा हो गया है। मंगलवार से टेस्टिंग शुरू की गई है। बुधवार को भी टेस्टिंग होगी। अगर टेस्टिंग के समय किसी तरह की दिक्कत नहीं आई, तो फिर बृहस्पतिवार को ट्रांसफार्मर से बिजली लेनी शुरू कर दी जाएगी। उसके बाद कटौती बंद कर दी जाएगी। हालांकि, अगर 350 मेगावाट से ऊपर खपत पहुंचती है, तो फिर कम कटौती होगी।