बिजली संकट से परेशान नोएडा के लोगों के लिए एक अच्छी खबर है। दरअसल, नोएडा से सटे खुर्जा में पावर प्लांट बन रहा है। इसके बनने से लोगों की समस्या खत्म होने की संभावना है।
केंद्रीय मंत्री डॉ. महेश शर्मा ने बताया कि नोएडा की बेहतरी के लिए केंद्र सरकार और उनके मंत्रालय लगातार काम कर रहे हैं। एयरपोर्ट के साथ देश के पहले कलनरी इंस्टीट्यूट जैसी सौगातें मिली हैं। इसी क्रम में नोएडा को नो पावर कट जोन बनाने की तैयारी है।
खुर्जा में 15 हजार करोड़ की लागत से बन रहा पावर प्लांट शहर की बड़ी उपलब्धि है। साथ ही अन्य कई योजनाओं पर काम चल रहा है। गौरतलब है कि वर्ष 2013 में नोएडा में पावर प्लांट लगाकर नो पावर कट जोन बनाने की तैयारी की गई थी। लेकिन प्लांट लगाने में नियमों के कारण कुछ दिक्कतें आ रही थी। गैस की किल्लत होने के कारण भी प्लांट नहीं लगाया जा सकता है।
साथ ही कोयले का प्लांट लगाने में एनसीआर क्षेत्र होने के कारण समस्या आ रही थी। प्लांट को किसी अन्य शहर स्थानांतरित करने की योजना पर काम शुरू हुआ। कई शहरों में जगहों को चिंहित करने पर विचार किया गया था।
वर्तमान में जिले को 1250 मेगावाट बिजली की जरूरत है, जो कि धीरे धीरे छह हजार मेगावाट तक पहुंचने का अनुमान है। वहीं, पावर कारपोरेशन के 2031 तक के प्लान के मुताबिक नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना एक्सप्रेस वे के साथ बसने जा रहे नये शहर को 6000 मेगावाट बिजली की जरूरत होगी।
ऐसे बढ़ेगी 2031 तक मांग
3000 मेगावाट पहुंच जाएगी नोएडा में बिजली की मांग
2000 मेगावाट ग्रेटर नोएडा में होगी बिजली की जरूरत
1000 मेगावाट यमुना एक्सप्रेसवे पर बढ़ेगा विद्युत भार