दिलशाद गार्डन से नया बस अड्डा के बाद अब मेट्रो का अगला चरण इंदिरापुरम से लालकुआं होगा। एमओयू साइन करने आए डीएमआरसी सीएमडी मंगू सिंह ने कहा कि वर्तमान में डीएमआरसी करीब 140 किमी मेट्रो ट्रैक के निर्माण में संलग्न है।
सेक्टर-62 से इंदिरापुरम तक मेट्रो विस्तार का प्रस्ताव जीडीए से मिला है। इस पर विचार और जरूरी प्रक्रियाएं जारी हैं। डीएमआरसी मंगू सिंह ने मेट्रो प्रोजेक्ट पर जीडीए उपाध्यक्ष संतोष यादव के प्रयासों को गिद्ध दृष्टि की उपाधि दी। उन्होंने कहा कि संतोष यादव की गिद्ध दृष्टि के कारण ही आज एमओयू साइन हुआ है।
जीडीए उपाध्यक्ष ने यह पैनी नजर अब मेट्रो के अगले प्रोजेक्ट की तरफ लगा दी है। मेट्रो का अगला विस्तार लालकुआं तक होगा। इस मामले में तमाम संभावनाओं की तलाश के खर्च के रूप में एक महीने के अंदर जीडीए की तरफ से वह डीएमआरसी को 25 लाख रुपए का चेक दे देंगे।
वीसी ने बताया कि मेट्रो विस्तार लाखों शहरवासियों को सुगम यातायात की सौगात देगा। एमओयू साइन होना शहरवासियों और प्राधिकरण के लिए बड़ी उपलब्धि है। लालकुआं मेट्रो की डीपीआर के लिए 25 लाख रुपये का चेक डीएमआरसी को भिजवाया जाएगा।
मेट्रो तीसरे फेज में वैशाली से इंदिरापुरम से नोएडा सेक्टर-62 के रास्ते गाजियाबाद के लालकुआं तक आएगी। वहां, डीएम एसवीएस रंगाराव, एसएसपी धर्मेंद्र सिंह, जीडीए सचिव रवींद्र गोडबोले, ओएसडी आरपी पांडेय, डीपी सिंह, एसपी गुप्त, सीएटीपी एससी गौड़, चीफ इंजीनियर वीके गोयल, संयुक्त सचिव ज्ञानेंद्र वर्मा आदि अधिकारी मौजूद रहे।