सेक्टर-49 पुलिस ने एफएनजी पुस्ते के पास से वाहन चेकिंग के दौरान एक इनोवा कार को रोका तो बदमाश ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने फायरिंग के बाद आरोपी का पीछा कर उसे दबोच लिया। आरोपी के कब्जे से तमंचा और चोरी की इनोवा कार बरामद हुई है। उसकी पहचान मरेठ के खरखौदा के जाहिदपुर गांव निवासी सिकंदर के रूप में हुई है।
वह मेरठ से नोएडा में लग्जरी कार चोरी करने के लिए आता था। सीओ श्वेताभ पांडेय ने बताया कि सेक्टर-49 कोतवाली प्रभारी अनीता चौहान के नेतृत्व में मंगलवार देर रात को एफएनजी पुस्ते के पास वाहन चेकिंग की जा रही थी। उसी समय एक इनोवा कार आई तो उसे रोका गया। मगर कार में सवार चालक ने पुलिस पर फायरिंग कर दी।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि इनोवा कार को उसने दिल्ली से चोरी किया था। आरोपी साथियों के साथ मिलकर नोएडा और दिल्ली के अलावा गाजियाबाद से वाहनों को चोरी करने और लूटपाट की वारदात को अंजाम देता है। पुलिस आरोपी के बारे में और अधिक जानकारी जुटा रही है।