किसानों का कहना है कि पुलिस कमिश्नर की ओर से किसानों की समस्याओं के लिए एक हाईलेवल कमेटी के गठन की बात कही गई थी। बीते 13 फरवरी को प्राधिकरण के तीनों सीईओ, पुलिस कमिश्नर और डीएम की अध्यक्षता में एक बैठक हुई और फैसला हुआ कि 18 फरवरी तक हाईलेवल कमेटी का गठन करके किसानों की समस्याओं का समाधान होगा। लेकिन तय समय तक इस कमेटी का गठन नहीं हो पाया।
किसानों का कहना है कि अब भी उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हुआ है। हालांकि प्रशासन के अधिकारियों की ओर से कमेटी गठन के लिए तीन दिन का समय मांगा गया है। जिसे किसानों ने स्वीकार करते हुए और समय दे दिया है। किसानों का कहना है कि यदि समाधान नहीं होता है तो 23 फरवरी को दोपहर एक बजे महामाया फ्लाईओवर से दिल्ली की ओर किसान कूच करेंगे। सोमवार को धरने पर राजू भाटी, शारदा राम भाटी, शशि त्यागी, राकेश नंबरदार, पैमी शर्मा, नीरज भाटी, संदीप चौहान, परवीन चौहान, दिनेश यादव, भोला पहलवान, राहुल यादव, भारत यादव,नरेंद्र समेत कई किसान मौजूद रहे।