नोएडा सेक्टर- 78 स्थित एसोटेक सोसाइटी में रहने वाले भव्य तिवारी ने इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षा (जेईई मेन) में 99.99 परसेंटाइल प्राप्त कर यूपी टॉप किया है। भव्य का कहना है कि अब उनका पूरा ध्यान 12वीं की परीक्षा पर है। परीक्षा खत्म होने के बाद जेईई एडवांस की तैयारी करेंगे।
सेक्टर- 16 स्थित एपीजे स्कूल से 12वीं की पढ़ाई करने वाले भव्य ने बताया कि वह फिटजी से कोचिंग ले रहे हैं। उन्होंने कभी समय निर्धारित करके पढ़ाई नहीं की है। जब भी पढ़ाई की, मन लगाकर की है। उन्होंने फिजिक्स और केमिस्ट्री में परफेक्ट 100 परसेंटाइल स्कोर किया है, जबकि गणित में 99.99 परसेंटाइल आई है। वह दिल्ली या मुम्बई आईआईटी से कंप्यूटर साइंस से इंजीनियरिंग करना चाहते हैं।
भव्य के 10वीं में 99 प्रतिशत अंक आए थे। उनके पिता अशोक तिवारी का अपना करोबार है, जबकि मां बिमला तिवारी गृहिणी हैं। इसके अलावा भी जिले के करीब 2 हजार छात्रों ने जेईई मेन में बेहतर प्रदर्शन किया है। अंकित मित्तल के 99.92, अर्जुन अविनाश के 99.91 और तनिश अग्रवाल के 99.91 परसेंटाइल आए हैं। वहीं, खेड़ा धर्मपुरा स्थित एसआरएस इंटर कॉलेज के छात्र ध्रुब चटर्जी ने जेईई मेन परीक्षा में 92.25 परसेंटाइल अंक प्राप्त किए हैं।
अर्थव के 99.55
सेक्टर- 75 निवासी अथर्व ने जेईई मेन परीक्षा में 99.55 परसेंटाइल अंक प्राप्त किए हैं। एपीजे स्कूल में पढ़ने वाले अथर्व ने 10 वीं में 93 प्रतिशत अंक प्राप्त किए थे। अथर्व के पिता संजय सिंघल प्राइवेट नौकरी करते हैं और मां रुचि सिंघल गृहिणी है। अथर्व की दो बहने हैं।
अब एडंवास पर जोर
कैंब्रिज स्कूल की 12 वीं की छात्रा निकिता भाटी के जेईई मेन में 97.94 परसेंटाइल आई है। आईआईटी में दाखिले के लिए वह जेईई एडंवास की तैयारी में जुट गई हैं। उनका कहना है कि बोर्ड परीक्षाओं के बाद जेईई एडवांस पर पूरा ध्यान देंगी। निकिता के 10वीं में 96 प्रतिशत अंक आए थे।