दिल्ली मेट्रो की ब्लू लाइन के नोएडा सिटी सेंटर-नोएडा इलेक्ट्रॉनिक सिटी के बीच आज शाम 4 बजे से मेट्रो का संचालन यात्रियों के लिए शुरू होगा।
हालांकि, मेट्रो स्टेशनों पर डेस्टिनेशन स्क्रीन पर द्वारका-नोएडा लाइन पर नोएडा इलेक्ट्रॉनिक सिटी स्टेशन का नाम प्रदर्शित किया जा रहा है, जिससे यात्रियों को इससे उलझन हो सकती है, लिहाजा डीएमआरसी यात्रियों की सुविधा के लिए सेक्शन खुलने के समय को लेकर मेट्रो स्टेशनों पर अनाउंसमेंट कर रही है।
डीएमआरसी के मुताबिक, सेक्शन खुलने से पहले बतौर ट्रायल डेस्टिनेशन स्क्रीन पर नए सेक्शन के आखिरी स्टेशन को प्रदर्शित किया जाता है। इसलिए ब्लू लाइन पर भी ऐसा ही नियम लागू है। डीएमआरसी का कहना है कि यात्री ब्लू लाइन के मेट्रो स्टेशनों पर की जा रही घोषणा को ध्यान से सुनें।
इस घोषणा में यात्रियों को जानकारी दी जा रही है कि ब्लू लाइन का नया सेक्शन आज शाम 4 बजे से यात्रियों के लिए खुलेगा, ताकि उन्हें किसी तरह की परेशानी का सामना ना करना पड़े।
बताया गया कि शाम 4 बजे से पहले ब्लू लाइन पर द्वारका से नोएडा सिटी सेंटर के बीच ही मेट्रो सेवा संचालित रहेगी, जबकि 4 बजे के बाद नए सेक्शन को यात्रियों के लिए खोल दिया जाएगा।