प्रदेश का जिला गौतमबुद्ध नगर ही ऐसा क्षेत्र है जहां पर नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना प्राधिकरण की सीमाएं हैं। हर साल तीनों प्राधिकरणों का बजट करीब 20 हजार करोड़ रुपये का होता है जबकि नोएडा, दादरी और जेवर विधानसभा की पांच साल की विधायक निधि महज 19.50 करोड़ रुपये होती है।
ऐसे में विधायक निधि खर्च तो होती है, लेकिन प्राधिकरण के विकास कार्यों के सामने दिखती नहीं। तीनों विधानसभाओं के विधायकों का कहना है कि बजट बढ़ना चाहिए और यहां की कमाई का पैसा यहीं खर्च हो, बाहर नहीं जाना चाहिए।
दरअसल, शहर और अधिग्रहीत गांवों का विकास भी प्राधिकरण ही कराता है। कई बार आरोप लगे कि प्राधिकरण के कराए गए विकास को प्रतिनिधि अपना काम बता देते हैं। मजबूरी में विधायक ऐसे गांव और कॉलोनियों को चुनते हैं जहां पर प्राधिकरण नहीं पहुंचता है। विकास के लिए प्राधिकरण का भारी भरकम बजट होने के कारण विधायक का काम दिखता ही नहीं है।
इधर, जिले में नोएडा, दादरी और जेवर तीन विधानसभाएं हैं। किसी भी विधानसभा पर सपा का विधायक नहीं है। जब सत्तादल से जुड़ा विधायक होता है तो वह अपनी विधायक निधि के अलावा प्राधिकरण से कहकर सेक्टर व गांवों में विकास कार्य करा लेता है। पिछले पांच सालों में विधायकों ने प्राधिकरण से विकास कार्य कराने का प्रयास तो किया, लेकिन ज्यादातर मामलों में प्राधिकरण ने उनकी सुनी नहीं।
जनप्रतिनिधि बोले
- फोटो : DEMO PIC
गांवों में सड़क, खड़ंजा व स्ट्रीट लाइट समेत कई कामों में पूरे पांच साल की विधायक निधि साढ़े सात करोड़ रुपये खर्च की जा चुकी है। प्राधिकरण का पैसा क्षेत्र में ही खर्च हो, इसके लिए प्राधिकरण द्वारा बाहर भेजे गए पैसे का खूब विरोध किया। विरोध का परिणाम यह हुआ कि ग्रेनो और यमुना प्राधिकरण का पैसा बाहर जाने से रुक गया। सपा सरकार क्षेत्र को लूटने का प्रयास करती रही।- सत्यवीर गुर्जर, दादरी बसपा विधायक
विधायक निधि का साढ़े चार करोड़ रुपये कच्ची कॉलोनियों, नाली व सोलर लाइटें लगाने में खर्च किए जा चुके हैं, बल्कि पैसा न होने से कुछ काम अधूरे भी रह गए हैं। नोएडा का पैसा बाहर न जाए, इसके लिए विधानसभा में भी बात रखी। किसानों की जमीन के बदले यह पैसा एकत्र हुआ है, उसका प्रयोग क्षेत्र के विकास के लिए ही किया जाए, लेकिन नहीं सुनी गई। प्रदेश सरकार की बुरी निगाहें हमेशा ही क्षेत्र पर रही हैं।- विमला बाथम, भाजपा विधायक नोएडा
क्षेत्र के 240 गांवों में जरूरत के हिसाब से सड़क, खड़ंजा, पुलिया आदि में पूरी विधायक निधि साढ़े सात करोड़ रुपये खर्च हो चुकी है। किसानों के मुद्दों को कई बार उठाया गया, लेकिन अधिकारियों ने काम नहीं किया। सपा सरकार का हमेशा प्रयास रहा कि क्षेत्र के पैसे को बाहर लेकर वहां का विकास कराए। जबकि प्रदेश की सपा सरकार ने क्षेत्र के लोगों के साथ शुरू से ही भेदभाव रखा है। - वेदराम भाटी, जेवर विधायक बसपा