ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो मार्ट एंड सेंटर में बुधवार को ऑटो एक्सपो शो-2023 का आगाज होगा। आठ दिवसीय एक्सपो के पहले दिन 30 से अधिक वाहन कंपनियां तीन वैश्विक और 75 से अधिक अन्य वाहन पेश करेंगी। इनमें आधे से ज्यादा इलेक्ट्रिक और हाइड्रोजन ईंधन चलित वाहन शामिल होंगे। कंपनियां ऑटोमोबाइल जगत की नवीनतम तकनीक से भी लोगों को रूबरू कराएंगी। ऑटो एक्सपो में आम जनता को 13 जनवरी से प्रवेश मिलेगा। अमर उजाला ऑटो एक्सपो में मीडिया पार्टनर की भूमिका निभा रहा है।
इस तरह पहुंचें
दिल्ली की तरफ से आने वाले लोगों को नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे से आना होगा। नॉलेज पार्क मेट्रो स्टेशन के पास कट से एक्सप्रेसवे से नीचे उतरकर इंडिया एक्सपो मार्ट के पास बनी पार्किंग स्थल तक पहुंच जाएंगे। वहां कार खड़ी करने के बाद ऑटो एक्सपो पहुंचेेंगे।
इसी तरह यमुना एक्सप्रेसवे से आने वाले लोग जीरो प्वाइंट से नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर परी चौक की तरफ आना होगा और मेट्रो स्टेशन कट पर उतरना होगा। ग्रेनो वेस्ट और गाजियाबाद से आने वाले लोग 130 मीटर रोड और सूरजपुर से होकर इंडिया एक्सपो मार्ट पहुंच सकेंगे। उधर एक्वा लाइन मेट्रो से सीधा इंडिया एक्सपो मार्ट पहुंच सकेंगे। यहां नॉलेज पार्क मेट्रो स्टेशन पर उतरना होगा।