नोएडा प्राधिकरण अब इंदौर मॉडल की तर्ज पर वेंडर जोन बनाएगा। इसका मकसद व्यवस्था बहाली के अलावा साफ-सफाई रखना होगा। नोएडा प्राधिकरण के ओएसडी इंदु प्रकाश सिंह ने बताया कि शहर में वेंडर जोन के लोकेशन का काम चल रहा है।
इसमें आवेदकों को ड्रॉ के माध्यम से वेंडर लोकेशन का आवंटन किया गया है। कहीं-कहीं रेहड़ी पटरी वाले वेंडर जोन में बैठने शुरू हो चुके हैं। हालांकि, अधिकांश स्थानों पर इसे व्यवस्थित करना है।
उन्होंने बताया कि इंदौर कें वेंडर जोन में रेहड़ी पटरी वालों को क्रम से जगह दी गई है। उनके लिए सफेद लाइन खींची गई है। साथ ही, प्रत्येक रेहड़ी पटरी वाला अपनी दुकान के सामने सूखे और गीले कचरे के लिए कूड़ेदान रखे हुए है। कुछ इसी तरह की व्यवस्था नोएडा में भी करने की कवायद होगी। इसके लिए प्रयास किए जा रहे हैं।
10 फरवरी तक का समय देने की मांग
पथ विक्रेताओं की एसोसिएशन ने प्राधिकरण से अपील की है कि आर्थिक तंगी वाले पथ विक्रेताओं को छह माह के बदले तीन माह का एडवांस किराया देने की छूट दी जाए। साथ ही, उन्हें 10 फरवरी तक का समय दिया जाए, ताकि वह पैसे की व्यवस्था कर सकें। इस बाबत प्राधिकरण की ओर से अभी निर्णय लिया जाना बाकी है।
सेक्टर-76 में वेंडिंग जोन शुरू
प्राधिकरण की ओर से सेक्टर-76 में वेंडिंग जोन की शुरुआत की गई है। अब यहां लोकेशन का आवंटन पा चुके रेहड़ी पटरी वाले बैठने लगे हैं। हालांकि, दुकानें अभी व्यवस्थित तरीके से नहीं लगी हुई हैं। वहीं साफ-सफाई का भी अभाव है।