नोएडा के सेक्टर-94 स्थित दलित प्रेरणा स्थल पर बनी हाथियों की मूर्तियों को शुक्रवार को पहले तो ढक दिया गया, लेकिन कुछ ही देर बाद इसे हटा लिया गया। डीएम ने निर्देश को निरस्त करते हुए जांच के आदेश दिए हैं।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार दोपहर प्रशासन की ओर से प्राधिकरण को पत्र भेजा गया था, जिसमें कहा गया कि दलित प्रेरणा स्थल में लगी हाथियों की मूर्तियों को ढक दिया जाए।
ढकवाने वाले की लगेगी क्लास
प्राधिकरण ने शुक्रवार दोपहर बाद इसे ढकना शुरू करवा दिया। हाथी की एक मूर्ति को ढक भी दिया गया। थोड़ी ही देर में जिला निर्वाचन अधिकारी एवी राजामौली की ओर से मूर्तियों को ढकने के निर्देश को रद्द कर जो भी मूर्तियां ढकी गईं थीं, उससे कवर हटाने के निर्देश दिए गए।
देर शाम तक ढकी गई मूर्ति से कवर हटा दिए गए। इस दौरान जिलाधिकारी ने एडीएम प्रशासन को जांच के आदेश दिए हैं कि मूर्तियों को ढकने का निर्देश किसके इशारे पर दिया गया। इससे पूर्व में 2012 विधानसभा चुनाव के दौरान चुनाव आयोग ने दलित प्रेरणा स्थल में लगी मूर्तियों को ढकवा दिया था।
मिला है मूर्ति ढकवाने का लेटर
नोएडा प्राधिकरण के एक अधिकारी ने कहा कि सिटी मजिस्ट्रेट की तरफ से नोएडा प्राधिकरण को पत्र भेजा गया था। इसमें कहा गया कि दलित प्रेरणा स्थल में लगी हाथी की मूर्तियों को ढक दिया जाए।
प्राधिकरण ने शुक्रवार दोपहर बाद इसे ढकना शुरू करवा दिया। हाथी की एक मूर्ति को ढक भी दिया गया, मगर कुछ समय बाद ही फिर आदेश जारी किया गया कि मूर्तियों को ढकने का आदेश वापस हो गया है। देर शाम तक ढकी गई मूर्ति से कवर को हटा लिया गया।
आयोग ने नहीं दिए हैं कोई आदेश
वहीं गौतमबुद्धनगर जिलाधिकारी एवी राजामौली का कहना है कि 2012 में चुनाव आयोग के निर्देश पर मूर्तियों को ढकने के निर्देश दिए गए थे।
लोकसभा चुनाव में अभी तक चुनाव आयोग की ओर से ऐसे कोई निर्देश प्राप्त नहीं हुए हैं। ऐसे में एडीएम प्रशासन को जांच सौंपी गई है कि मूर्तियों को ढकवाने के निर्देश क्यों दिए गए।