निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने नागरिक व्यवस्थाओं की समीक्षा की
नई दिल्ली। एआई इंपैक्ट समिट की तैयारियों के मद्देनजर एमसीडी के मध्य क्षेत्र के उपायुक्त एवं समिट के नोडल अधिकारी शाश्वत सौरभ ने बृहस्पतिवार को राजधानी के प्रमुख मार्गों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सत्याग्रह मार्ग, जवाहरलाल नेहरू मार्ग, बहादुरशाह जफर मार्ग, लोधी रोड सहित समिट से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण क्षेत्रों का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने नागरिक व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने समिट स्थलों, होटलों, प्रमुख सड़कों, बाजारों और सार्वजनिक स्थलों के आसपास उच्च स्तर की स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही सौंदर्यीकरण, नियमित साफ-सफाई और नागरिक सुविधाओं के बेहतर रखरखाव पर जोर दिया। सौरभ ने अधिकारियों को स्ट्रीट लाइटिंग, सार्वजनिक शौचालयों और अन्य बुनियादी सुविधाओं के सुचारु संचालन को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सड़कों, फुटपाथों और नालियों के रखरखाव पर विशेष ध्यान देने को कहा। इसके अलावा अतिक्रमण, अवैध होर्डिंग्स, आवारा पशुओं और अनधिकृत विक्रेताओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए। उपायुक्त ने समयबद्ध कचरा उठान और चौबीसों घंटे स्वच्छता निगरानी सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया। ब्यूरो