ग्रीन वेस्ट कंपोस्टर प्लांट का उद्घाटन
- फोटो : अमर उजाला
देश भर में चल रहे 'स्वच्छता ही सेवा' अभियान के तहत शुक्रवार को सीपीडब्ल्यूडी के डायरेक्टर जनरल प्रभाकर सिंह ने गाजियाबाद के कमला नेहरु नगर के जीपीआरए कॉलोनी में ग्रीन वेस्ट रीप्रोसेसर का उद्घाटन किया। यह रीप्रोसेसर ऊर्जा का न्यूनतम उपयोग करके सभी प्रकार के जैविक कचरे को खाद में परिवर्तित करता है और कार्बन फुटप्रिंट को कम करता है, जिससे प्रदूषण को कम किया जा सकता है।
इस मौके पर बात करते हुए प्रभाकर सिंह ने कहा कि भारत को विभिन्न प्रकार के कचरे से निपटने के लिए अपनी सोच में एक बड़े बदलाव की जरूरत है। इस पहल के साथ हम इस क्षेत्र के हर कचरे को कम करने में मदद करेंगे और इस मशीन से कचरे को खाद में बदल देंगे, जिसका आगे उपयोग किया जा सकता है। इसके अलावा, हमें यह सुनिश्चित करना चाहिए कि हम आसपास के एकल उपयोग प्लास्टिक के उपयोग पर अंकुश लगाएं क्योंकि यह हमारे कीमती पर्यावरण को बहुत नुकसान पहुंचाता है।
वहीं स्वच्छ भारत वेंचर्स के निदेशक अभिषेक गुप्ता ने कहा कि हमें बेहद खुशी है कि देश में पर्यावरण और प्रदूषण संबंधी मुद्दों से निपटने के लिए पिछले कुछ वर्षों में भारतीय प्रतिष्ठान सक्रिय हो रहे हैं। इस लांच के साथ हमारा उद्देश्य भारत से प्रदूषण के स्तर को कम करना और स्वच्छ भारत की दिशा में योगदान करना है।
उन्होंने बताया कि क्लीन इंडिया वेंचर्स की स्थापना 2015 में की गई थी। देश में प्रदूषण को कम करने और स्वच्छ भारत की दिशा में योगदान देने के लिए एक मिशन के साथ इस वेंचर की स्थापना की गई थी। कंपनी ने अबतक पूरे देश में 70 से अधिक ग्रीन वेस्ट रीप्रोसेसर इकाइयों की स्थापना की है और 2020 तक ऐसी दो सौ और इकाइयां स्थापित करने का लक्ष्य रखा गया है।
उन्होंने बताया कि इस मशीन की लोकप्रियता दिन ब दिन बढ़ती जा रही है। दिल्ली के सीजीओ कॉम्प्लेक्स, हुडको एक्सटेंशन, निगंबोधघाट, के अलावा झारखंड के बैद्यनाथ धाम, अजमेर के मेयो कॉलेज और फरीदाबाद के नगर निगम में भी इन मशीनों की स्थापना की जा चुकी है और कई अन्य स्थानों पर इसे स्थापित किया जा रहा है।