नोएडा प्राधिकरण से आवंटित दुकान लेना एक आवंटी के लिए भारी पड़ रहा है। पुराने आवंटी पर बिजली का बिल बकाया होने के कारण अब आवंटी को कनेक्शन नहीं मिल रहा, जिसके लिए वह प्राधिकरण व विद्युत निगम के चक्कर काट रहा है।
भंगेल निवासी देवेंद्र शर्मा की पत्नी बीना शर्मा के नाम प्राधिकरण से करीब चार माह पहले सेक्टर 53 स्थित कंचनजंगा मार्केट में करीब एक करोड़ रुपये में दुकान आवंटित हुई। प्राधिकरण ने बोली के जरिए इसका आवंटन किया।
यह भी पढ़ें:क्या है इस बार नोएडा अथॉरिटी का बजट?
पजेशन मिलते ही आवंटी ने दुकान पर बिजली कनेक्शन के लिए आवेदन किया। विद्युत निगम से कनेक्शन तो नहीं मिला, उल्टे पुराने कनेक्शन पर करीब 68 हजार रुपये बिजली का बिल बकाया होने का नोटिस थमा दिया। इससे परेशान आवंटी प्राधिकरण से गुहार लगाने पहुंच गया।
प्राधिकरण के वाणिज्यक खंड के एजीएम एलपी सिंह की ओर से विद्युत निगम को पत्र लिखा गया कि नया आवंटन होने के कारण आवंटी से पुराना बिल नहीं लिया जा सकता है। इसलिए कनेक्शन जारी कर दिया जाए।
यह भी पढ़ें: अब यहां एक्सरे का कोई पैसा नहीं लगेगा
इसके जवाब में विद्युत निगम ने प्राधिकरण को वापस पत्र लिखा है कि प्रॉपर्टी के अगेंस्ट ही बकाया बिल की रिकवरी हो सकती है। ऐसे में जब तक बकाया बिल जमा नहीं होगा, तब तक कनेक्शन नहीं दिया जाएगा।
पुराना आवंटन दिल्ली के विवेक विहार निवासी अशोक कुमार के नाम है। आवंटी ने प्राधिकरण से इस मसले का हल निकालने को फिर से गुहार लगाई है। फिलहाल अभी तक कोई रास्ता नहीं निकल सका है। पुरानी संपत्तियों के आवंटन पर बकाया वसूली को लेकर आए दिन आवंटियों को इस तरह की परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।