दक्षिणी दिल्ली नगर निगम में नेता सदन कमलजीत सहरावत ने मंगलवार को 2019-20 का बजट पेश किया। बजट में संपत्ति कर में बढ़ोतरी न करने का फैसला पारित किया गया। अधिक से अधिक लोग टैक्स के दायरे में आ सकें इसके लिए बकाया टैक्स की वसूली 2004 की बजाय संपत्ति की खरीदारी के वर्ष को आधार मानते हुए कर अदायगी की सुविधा देने का निर्णय लिया गया।
अनाधिकृत कॉलोनियों के विकास में दिल्ली सरकार की भूमिका को नकारते हुए नेता सदन ने कहा कि सभी वार्ड पार्षदों के लिए संबंधित वार्डों में 25-25 लाख रुपये विवेकानुदान कोष से खर्च करने का प्रावधान किया गया है। नेता सदन के लिए कोष से सालाना पांच करोड़, नेता विपक्ष के लिए 1.25 करोड़, जबकि दूसरे विपक्षी दल के नेता के लिए 75 लाख रुपये का फंड जारी करने का प्रस्ताव भी पारित किया गया।
बजट प्रस्ताव पेश करते हुए नेता सदन ने हाउस होल्ड पॉलिसी का जिक्र करते हुए कहा कि इसे मंजूरी दिए जाने से हजारों परिवारों के लिए रोजगार के अवसर पैदा होंगे। वहीं, निगम के राजस्व में भी 40 करोड़ रुपये तक की बढ़ोतरी दर्ज होने की उम्मीद है।
सभी विभागों को सिटीजन चार्टर वेबसाइट पर अपलोड करने के निर्देश दिए गए। कर्मचारियों व पेंशन धारकों के लिए कैशलेस स्वास्थ्य सेवा मुहैया करवाने के प्रस्ताव को भी पारित किया गया। इसके अलावा निगम की आर्थिक स्थिति को देखते हुए 500 करोड़ का बांड जारी किया जाएगा।
फार्म हाउस और मोटल नीति से निगम को 42 करोड़ की प्राप्ति और शिक्षा के लिहाज से स्कूलों को स्मार्ट बनाने, बच्चों के लिए डेस्क, यूनिफॉर्म सहित स्कूलों में बेहतर शिक्षा के लिहाज से भी करोड़ों रुपये खर्च किए जाएंगे।
बजट 2019-20
आयुक्त स्थायी समिति
प्रारंभिक शेष 59509.24 62279.24
आय 487282.65 484332.65
व्यय 543796.64 544596.64
अंतिम शेष 2995.25 2015.25