1 फरवरी से शुरू हो रहे सूरजकुंड मेला की मुख्य सड़क की बदहाली की खबर पढ़ने के बाद आखिरकार अधिकारियों की नींद टूटी और अब हुडा प्रशासन ने फरीदाबाद सूरजकुंड रोड की मरम्मत शुरू कर दी है।
अधिकारियों ने मेले को लेकर बढ़ते दबाव के कारण काम शुरू किया है। हालांकि यदि 2 दिन में काम पूरा नहीं हुआ तो लोगों का आना-जाना कठिन हो जाएगा। ऐसे में देश-विदेश के सैलानी परेशान होंगे तो शहर की इमेज खराब होगी।
यह भी पढ़ें:तो क्या सूरजकुंड मेले से शर्मसार होगा इंडिया?
दबाव में ही सही लेकिन अधिकारियों ने पैच वर्क शुरू करवाया। फिलहाल अनखीर चौक से सूरजकुंड मेला परिसर तक लगभग 8.5 किलोमीटर रोड को ठीक करने के लिए श्रमिक लगा दिए गए हैं। इस पर लगभग 30 लाख रुपये की लागत आएगी।
हालांकि अधिकारियों की लापरवाही के कारण इस रोड पर ज्यादा रकम लगेगी। पहले मेले के लिए पैचवर्क होगा उसके बाद उसे उखाड़कर नया रोड बनेगा।
अगर योजनाबद्ध तरीके से काम होता तो जनता के टैक्स से ली गई यह रकम कहीं और लगती।
हुडा के कार्यकारी अभियंता भूपेंद्र सिंह ने बताया कि 31 तारीख की रात तक हर हाल में पैच वर्क का काम पूरा हो जाएगा, ताकि मेले में आने-जाने वाले लोगों को परेशानी न हो।