एक्वा लाइन के उद्घाटन के लिए प्रधानमंत्री और यूपी के मुख्यमंत्री के नोएडा आने की चर्चा जोरों पर है। संभावना यह भी है कि एक्वा लाइन का उद्घाटन का कार्यक्रम सेक्टर-71 मेट्रो स्टेशन पर होगा। अगर दोनों लाइनों को एक साथ शुरू किया जाए तो यहां उद्घाटन करने आने वाले वीवीआईपी नेताओं के लिए भी बेहतर साबित होगा।
ग्रेनो से दिल्ली के कोने-कोने तक जा सकेंगे लोग
अगर एक्वा और ब्लू लाइन के विस्तार को एक साथ खोला जाता है तो ग्रेटर नोएडा समेत सेक्टर-62 और उससे जुड़े हुए गाजियाबाद क्षेत्र के लोगों को दिल्ली के कोने-कोने तक जाने में सहूलियत हो जाएगी। लोग चाहें तो ग्रेटर नोएडा या इलेक्ट्रॉनिक सिटी स्टेशन से शुरू करते हुए बॉटेनिकल गार्डन पर इंटरचेंज स्टेशन का प्रयोग करके दिल्ली, फरीदाबाद और गुरुग्राम तक का सफर कर सकेंगे।
एमडी ने किया सेक्टर-71 मेट्रो स्टेशन का निरीक्षण
एनएमआरसी के एमडी आलोक टंडन ने मंगलवार को एक्वा लाइन पर सेक्टर-71 मेट्रो स्टेशन का निरीक्षण किया। यहां उन्होंने सेक्टर-71 स्टेशन और ब्लू लाइन के सेक्टर-52 मेट्रो स्टेशन के बीच की कनेक्टिविटी का भी अध्ययन किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को कई निर्देश दिए। यहां पहले स्काई वॉक बनाया जाना था, लेकिन बीच की व्यावसायिक जमीन की वजह से मामला फंस गया है। अब बताया जा रहा है कि यहां वॉक वे बनेगा।
हालांकि, यह किस तरह बनेगा। इसका खुलासा मेट्रो अधिकारियों ने नहीं किया। इसके अलावा एमडी ने ऑटोमेटिक फेयर कलेक्शन (एएफसी) गेट देखा। वहां से प्रवेश से पहले उन्होंने पर्ची वाली टिकट ली और गेट से अंदर गए। इसके अलावा टिकट के लिए उन्होंने मोबाइल से क्यूआर कोड की भी जांच की। वहीं उन्होंने स्टेशन पर बन रहे पार्किंग व्यवस्था का भी निरीक्षण किया।