निजामुद्दीन मरकज तब्लीगी जमात सांकेतिक तस्वीर
- फोटो : एएनआई
दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने निजामुद्दीन स्थित तब्लीगी मरकज में आए विदेशी जमातियों पर शिंकजा कसना शुरू कर दिया है। अपराध शाखा ने सभी 850 विदेशी जमातियों को 41.1 सीआरपीसी के तहत नोटिस दिया है। अपराध शाखा को जब भी विदेशी जमातियों से पूछताछ करनी होगी तो उन्हें पूछताछ में शामिल होना होगा। दूसरी तरफ तब्लीगी मरकज के मौलाना मोहम्मद साद अभी भी जामिया नगर के जाकिर नगर में अपने रिश्तेदार के यहां परिवार सहित रह रहे हैं। अपराध शाखा ने उन ट्रेवल एजेंटों से पूछताछ की है जिन्होंने विदेशी जमातियों को भारत आने में उनकी सहायता की थी।
पुलिस ने काफी ट्रेवल एजेंटों से पूछताछ की
अपराध शाखा के एक वरिष्ठ अधिकारी ने तब्लीगी मरकज में आए सभी 850 विदेशी जमातियों से पूछताछ हो गई है। इनके कागजात जब्त कर लिए गए हैं। इसके बाद अब अपराध शाखा ने सभी विदेशी जमातियों को 41.1 सीआरपीसी की नोटिस दिया है। इसके तहत अब विदेशी पाबंद हो गए हैं कि जब उन्हें पूछताछ के लिए बुलाया जाएगा तो उन्हें आना होगा, या फिर उन्हें कोर्ट में बुलाया जाएगा तो उन्हें कोर्ट में पेश होना होगा।
हालांकि अभी किसी भी विदेशी जमाती को गिरफ्तार नहीं किया गया है। दूसरा नोटिस देने के बाद माना जा रहा है कि अपराध शाखा किसी को गिरफ्तार नहीं करेगी। अब पुलिस की जांच गृहमंत्रालय के आदेश पर भी टिकी है।
मौलाना साद अभी भी जाकिर नगर में रह रहा है
किसी भी विदेशी जमाती को कोविड सेंटरों से छोडऩे का बृहस्पतिवार तक आदेश नहीं हुआ था। सभी विदेशी जमाती दिल्ली में बनाए गए विभिन्न सेंटरों में करीब दो महीने से रह रहे हैं। दूसरी तरफ तब्लीगी मरकज के मौलाना मोहम्मद साद अभी भी जामिया नगर के जाकिर नगर में रह रहे हैं। अपराध शाखा के अधिकारी बहुत ही विश्वास से कह रहे हैं कि मौलाना साद जाकिर नगर में ही है। हालांकि पुलिस अधिकारियों ने ये नहीं बताया कि वह इतने विश्वास से किस आधार पर बता रहे है।
मौलाना साद अपनी कोरोना टेस्ट रिपोर्ट अभी तक अपराध शाखा को नहीं सौंपी गई है। मौलाना साद के वकीलों ने दावा किया था कि मौलाना साद ने प्राइवेट लैब से कोरोना टेस्ट कराया था और उसकी रिपोर्ट नेगेटिव आई है।